बुलढाणा में एटीएस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार

0
7

बुलढाणा, 19 मई (आईएएनएस)। बुलढाणा जिले में आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच एटीएस ने अवैध हथियार तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सबसे ताजा घटना में एटीएस ने नाशिक की ओर जा रहे दो फरार आरोपियों को रास्ते में ही धर दबोचा। सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाशिक की ओर जा रहे थे, तभी नाशिक एटीएस टीम ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब इस प्रकरण में कुल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। एटीएस आगे की जांच में जुटी हुई है।

चिखली तहसील के रायपुर पुलिस स्टेशन अंतर्गत पिंपरी कोली गांव में एटीएस ने मध्यरात्रि करीब 1 से 1:30 बजे के बीच एक बड़ी सफलता हासिल की। एटीएस को गोपनीय सूचना मिली थी कि अवैध हथियार बेचने वाला एक व्यक्ति गांव में आया हुआ है। टीम ने तुरंत जाल बिछाया और शुभम पवार (22 वर्ष, निवासी वर्धा) को रंगे हाथ पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 पिस्टल, 4 मैगजीन और 92 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही अपराध में इस्तेमाल हुई एक फोर व्हीलर गाड़ी भी जब्त कर ली गई। शुभम पवार पिस्टल बिक्री के लिए लेकर आया था। रायपुर पुलिस स्टेशन में इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है।

एटीएस और स्थानीय पुलिस दोनों ही टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में शुभम पवार ने हथियारों की सप्लाई से जुड़ी जानकारी दी है, जिसके आधार पर आगे की छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गैंग के और सदस्य भी सक्रिय हो सकते हैं।

बुलढाणा जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर एटीएस की सख्ती से स्थानीय स्तर पर राहत की खबर है, लेकिन साथ ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों की जांच गहराई से की जा रही है। यदि अन्य राज्यों या जिलों से भी लिंक सामने आए तो कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा।