Wednesday, July 29, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा, चोरी की बाइक और हथियार बरामद

पुलिस ने दो बदमाशों को दबोचा, चोरी की बाइक और हथियार बरामद

0
3

ग्रेटर नोएडा, 29 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू तथा एक तमंचा मय जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को थाना इकोटेक-3 पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक सेक्टर-10 से तिलपता की ओर सर्विस रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष पुत्र हरी सिंह तथा सागर पुत्र देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने मनीष के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया, जबकि सागर के पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

इसके अलावा, दोनों के कब्जे से चोरी की एक बाइक भी बरामद की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोटरसाइकिल किस क्षेत्र से चोरी की गई थी और क्या आरोपी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी मनीष मूल रूप से रूपवास मोड़, कस्बा एवं थाना दादरी, जनपद गौतमबुद्धनगर का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है।

वहीं, दूसरा आरोपी सागर मूल निवासी ग्राम नगला पदम, थाना चंडौस, जिला अलीगढ़ का रहने वाला है, जो वर्तमान में ग्राम धूममानिकपुर, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मनीष पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मामलों में नामजद रह चुका है। उसके खिलाफ दादरी और सूरजपुर थानों में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सागर के खिलाफ भी बादलपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इस मामले में थाना इकोटेक-3 पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की भी जानकारी जुटाई जा सके। साथ ही बरामद हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के संबंध में भी विस्तृत जांच जारी है।