लखनऊ, 23 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर यह कार्रवाई की गई है, क्योंकि अखिलेश यादव लगातार गरीबों, पिछड़ों, दलितों, मजदूरों और पीड़ितों की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने अकाउंट तत्काल बहाल करने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे, प्रदेश में धार्मिक आयोजनों के राजनीतिक इस्तेमाल और बागेश्वर बाबा पर बाबा रामदेव की टिप्पणियों पर भी प्रतिक्रिया दी।
सपा सांसद एसपी सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वे समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते हैं। उनकी बातों को बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं और इसके माध्यम से आम जनता तक सच्चाई पहुंचती है। यही बात सरकार को पसंद नहीं आ रही है और इसी वजह से सरकार के इशारे पर फेसबुक अकाउंट बंद किया गया है। उन्होंने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि अकाउंट तुरंत खोला जाना चाहिए, ताकि समाजवादी पार्टी की आवाज आम लोगों तक पहुंचती रहे।
राजनीति से दूर रहकर व्यापार करने संबंधी अखिलेश यादव की अपील का समर्थन करते हुए एसपी सिंह ने कहा कि कंपनियों का काम व्यापार करना और अपने कारोबार को आगे बढ़ाना है। उन्हें किसी राजनीतिक दल के साथ जुड़कर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहरी कंपनियों, निष्पक्ष व्यक्तियों और मीडिया से जुड़े संस्थानों को निष्पक्ष रहना चाहिए। मीडिया को सरकार की गलतियों के साथ-साथ विपक्ष की गलतियां भी जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि उसका काम जनता के हित में निष्पक्षता से काम करना है।
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बनी समितियों की बैठक पर उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए सवाल उठा रही है, क्योंकि वह चाहती है कि किसी भी तरह दोनों दलों का गठबंधन टूट जाए। उन्होंने दावा किया कि दोनों पार्टियां समझती हैं कि साथ आने से उन्हें राजनीतिक लाभ होगा। प्रदेश में समाजवादी पार्टी का मजबूत जनाधार है और कांग्रेस के गठबंधन में आने से सपा को भी फायदा होगा, जबकि कांग्रेस को इससे बड़ा लाभ मिल सकता है। सिंह ने बताया कि दोनों दलों की ओर से समितियां बनाई गई हैं और उनके बीच बातचीत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है।
सीटों की संख्या पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुलना में समाजवादी पार्टी का जनाधार अधिक है, इसलिए सीटों का बंटवारा उसी अनुपात में होना चाहिए। उन्होंने पिछले चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन के तहत 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें उसके छह उम्मीदवार जीते थे। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 63 सीटों पर चुनाव लड़कर 37 सीटें हासिल की थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 181 सीटों की मांग करने के बजाय 10, 20, 30 या 40 अच्छी सीटों पर चुनाव लड़ने पर विचार करना चाहिए। इससे उसके जीतने की संभावना बढ़ेगी और पार्टी को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत से ज्यादा सीटें मांगने पर गठबंधन नहीं होने की स्थिति में कांग्रेस को ही बड़ा नुकसान हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में नेताओं की ओर से कराई जा रही कथाओं और मथुरा से जुड़े नारों पर एसपी सिंह ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय तक राम मंदिर के मुद्दे पर राजनीति करती रही, लेकिन अयोध्या में उसे करारा जवाब मिला। अब पार्टी ने मथुरा और कृष्ण मंदिर से जुड़ा मुद्दा उठाना शुरू कर दिया है। धर्म आस्था का विषय है और इससे व्यक्ति को आत्मसंतुष्टि मिलती है, लेकिन केवल धर्म के नाम पर विकास नहीं हो सकता। विकास के लिए कर्म करना जरूरी है। भाजपा धार्मिक मुद्दों के माध्यम से जनता को गुमराह करके वोट हासिल करना चाहती है।
राजनेताओं की ओर से कथाएं आयोजित कराने पर उन्होंने कहा कि कथा कराना गलत नहीं है, लेकिन यदि इसका उद्देश्य चुनावी लाभ लेना है तो यह उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने खिसकते जनाधार को वापस पाने के लिए धार्मिक आयोजनों का सहारा ले रही है। उन्होंने कुछ कथावाचकों के विवादित बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को बुलाने से पार्टी को लाभ के बजाय नुकसान हो सकता है। उन्होंने मोरारी बापू जैसे कथावाचकों का नाम लेते हुए कहा कि अच्छे और सम्मानित कथावाचकों से आयोजन कराने पर किसी को आपत्ति नहीं होगी।
बागेश्वर बाबा को लेकर बाबा रामदेव की टिप्पणियों पर एसपी सिंह ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव ने उन्हें ढोंगी और पाखंडी कहा है, जो सही है। सिंह ने आरोप लगाया कि पर्ची निकालकर लोगों को गुमराह किया जाता है और इससे पैसा कमाया जाता है। उन्होंने कहा कि पैसा कमाना गलत नहीं है, लेकिन इसके लिए अच्छा तरीका अपनाना चाहिए। जनता को भ्रमित करके कमाई करना उचित नहीं है। एसपी सिंह ने आरोप लगाया कि बागेश्वर बाबा ने देवी-देवताओं और लोगों के इष्ट देवों के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा बोलने वाला व्यक्ति संत नहीं हो सकता।









