भोपाल : 1 अगस्त/ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) की एनसीसी नेवल विंग ने देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित अभियान “ऑपरेशन ग्रीन 3.0” का आयोजन किया। अभियान के तहत भोपाल शहर में 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण कर नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संदेश था—“हमारे वीरों को स्मरण करते हुए पर्यावरण की रक्षा”।
इस अभियान में एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मनोज सिंह मनराल, एनसीसी प्रशिक्षक दुर्गा वर्मा तथा 30 एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
शहरभर में बांटे गए 500 पौधे
अभियान के दौरान कैडेट्स ने भोपाल के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर करीब 500 पौधों का वितरण किया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। साथ ही हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भारत के निर्माण का संदेश भी दिया।
वीर सैनिकों को दी श्रद्धांजलि
पौध वितरण अभियान के बाद एनसीसी कैडेट्स ने राजधानी स्थित युद्धस्थल (वार मेमोरियल) पहुंचकर कारगिल युद्ध के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कारगिल युद्ध की गौरवगाथा, युद्ध में प्रयुक्त हथियारों, सैन्य स्मृतियों, आधुनिक रक्षा तकनीकों और अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों की भी जानकारी प्राप्त की।
देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आर.पी. दुबे ने कहा कि कारगिल विजय दिवस पर आयोजित ‘ऑपरेशन ग्रीन 3.0’ देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स ने वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ समाज को हरित और जिम्मेदार भारत का संदेश भी दिया है।
युवाओं में बढ़ेगी राष्ट्रीय चेतना
रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि “एक वृक्ष लगाएं, एक सैनिक का सम्मान करें” जैसे अभियान युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने एनसीसी नेवल विंग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन “एक वृक्ष लगाएं, एक सैनिक का सम्मान करें” के संदेश के साथ हुआ। विश्वविद्यालय ने कहा कि यह अभियान युवाओं और नागरिकों को वीर सैनिकों के बलिदान का सम्मान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रेरणा देता है।


