Saturday, August 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा: पुष्कर सिंह...

युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा: पुष्कर सिंह धामी

0
5

देहरादून, 15 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बताया कि उनकी सरकार में हमेशा युवाओं को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई।

देहरादून में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने कहा कि हमने राज्य के हित और युवाओं की तरक्की के लिए जरूरी कदम उठाए हैं। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक ‘युवा आयोग’ बनाया जाएगा जिसमें शिक्षा और प्रशिक्षण समेत सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। हमने आज इसकी घोषणा की है और यह आयोग जल्द ही युवाओं के व्यापक विकास के लिए काम करना शुरू कर देगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में चाहे युवाओं से जुड़े फैसले हों, रोजगार से जुड़े मामले हों या फिर पारदर्शी प्रक्रिया के जरिए 34,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना हो, युवा हमेशा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीएम मोदी के संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग की घोषणा की। यह पहल कोचिंग का आर्थिक बोझ कम करने के साथ गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन को हर वर्ग और क्षेत्र के युवाओं तक पहुंचाएगी। इससे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

इसी के साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह गौरवपूर्ण दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसी संकल्प को साकार करते हुए हमारी सरकार विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आइए, इस पावन अवसर पर हम सभी राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लें।

सीएम धामी ने कहा कि मातृशक्ति सशक्तीकरण, जनकल्याण और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस के साथ प्रदेश सरकार प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। दमदार निर्णयों और असरदार कार्यों के बल पर उत्तराखंड को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।