SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय मिडटर्म चुनाव को ट्रंप ने बताया निर्णायक, रिपब्लिकन को बहुमत दिलाने की...

मिडटर्म चुनाव को ट्रंप ने बताया निर्णायक, रिपब्लिकन को बहुमत दिलाने की अपील, तय किया एजेंडा

0
1

वॉशिंगटन, 10 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवंबर में होने वाले कांग्रेस चुनावों को एक अहम फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव तय करेगा कि उनकी सरकार का एजेंडा आगे बढ़ेगा या सत्ता फिर से डेमोक्रेट्स के हाथ में जाएगी। उन्होंने टैक्स, स्वास्थ्य सेवा, सीमा सुरक्षा और अपराध जैसे मुद्दों पर आगे भी काम करने का वादा किया।

डलास में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के विशेष मिडटर्म सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, “55 दिनों में अमेरिकी लोग हमारे इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण चुनावों में से एक में वोट डालने जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “आपका वोट तय करेगा कि हमारे देश के अगले 250 साल की शुरुआत में ही हम लड़खड़ा जाएंगे या तेजी से आगे बढ़ेंगे और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे।”

ट्रंप ने अमेरिकी जनता से प्रतिनिधि सभा और सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के उम्‍मीदवारों को बहुमत दिलाने की अपील की। उन्होंने इस चुनाव को राष्ट्रपति पद पर अपने दूसरे कार्यकाल के पहले 19 महीनों के कामकाज पर जनता के फैसले के तौर पर पेश किया। साथ ही उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी और उसके उम्मीदवारों पर तीखा हमला बोला।

ट्रंप ने कहा, “इस चुनाव में फैसला बहुत आसान है। मैं आपसे कह रहा हूं कि हमें वह काम पूरा करने का मौका दें, जिसकी शुरुआत हमने राष्ट्रपति पद के इतिहास के सबसे शानदार दो वर्षों के साथ की थी। साथ मिलकर हम दो साल की वापसी को 250 साल की बढ़त में बदल देंगे।”

राष्ट्रपति ने कहा कि रिपब्लिकन सांसदों ने उनकी सरकार के एजेंडे को लागू करने में मदद की है। उन्होंने अवैध प्रवास में कमी, हिंसक अपराधों में गिरावट, निजी क्षेत्र में नौकरियों की बढ़ोतरी, ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि और टैक्स में कटौती को अपनी सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया।

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास अब ‘देश के इतिहास की सबसे मजबूत और सुरक्षित सीमा’ है और ‘अवैध प्रवास का स्तर अब तक दर्ज सबसे निचले स्तर पर है।’

उन्होंने टिप्स, ओवरटाइम और सोशल सिक्योरिटी से जुड़े टैक्स प्रावधानों का भी जिक्र किया। ट्रंप ने आरोप लगाया कि अगर डेमोक्रेट्स फिर से कांग्रेस का नियंत्रण हासिल करते हैं तो वे इन नीतियों को खत्म करने की कोशिश करेंगे।

ट्रंप ने कहा, “कांग्रेस में हर एक डेमोक्रेट ने हमारे टैक्स कटौती के खिलाफ वोट किया, उन्होंने टिप्स पर टैक्स नहीं लगाने, ओवरटाइम पर टैक्स नहीं लगाने और हमारे महान वरिष्ठ नागरिकों की सोशल सिक्योरिटी पर टैक्स नहीं लगाने के खिलाफ भी वोट किया।”

राष्ट्रपति ने अगली कांग्रेस के लिए अपनी सरकार के विधायी एजेंडे की भी जानकारी दी। उन्होंने अपने टैक्स कटौती को स्थायी बनाने और जिसे उन्होंने ‘ग्रेट हेल्थकेयर प्लान’ कहा, उसे आगे बढ़ाने का वादा किया।

ट्रंप के बताए प्रस्ताव के तहत बड़ी बीमा कंपनियों को मिलने वाली सरकारी रकम को खत्म किया जाएगा और उसकी जगह लोगों को सीधे पैसा दिया जाएगा, ताकि वे अपनी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बीमा खरीद सकें।

ट्रंप ने सरप्राइज मेडिकल बिलिंग को खत्म करने का भी वादा किया। इसके अलावा उन्होंने अस्पतालों और बीमा कंपनियों के लिए कीमतों की जानकारी आसान भाषा में सार्वजनिक करना अनिवार्य करने और प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की कीमतों को लेकर हुए समझौतों को स्थायी बनाने की बात कही।

उन्होंने कहा क‍ि हम बेकाबू क्रेडिट कार्ड स्वाइप फीस को कम करेंगे, जिससे एक औसत परिवार को हर साल 1,200 डॉलर की बचत होगी।”

ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार कैशलेस बेल व्यवस्था खत्म करने और बड़े स्तर पर ड्रग्स बेचने वालों, मानव तस्करों तथा कानून लागू करने वाले अधिकारियों की हत्या के दोषी लोगों के लिए मौत की सजा लागू करने की दिशा में काम करेगी।

तीन नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों से यह तय होगा कि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा और सीनेट का नियंत्रण किस पार्टी के हाथ में रहेगा। चुनाव के नतीजे यह भी तय करेंगे कि ट्रंप अपने कार्यकाल के बचे हुए दो वर्षों में कांग्रेस के जरिए अपने एजेंडे को कितनी आसानी से आगे बढ़ा पाएंगे।