नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई फ्लीट कमांडर रियर एडमिरल अनिता विलियम्स से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच ऑपरेशनल सहयोग पर चर्चा हुई। साथ ही आपसी तालमेल को और मजबूत करने के अवसरों पर विस्तार से वार्ता की गई।
एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन सिडनी स्थित आस्ट्रेलियाई नौसैनिक अड्डे एचएमएएस कट्टाबुल पर गए। बैठक के दौरान ऑस्ट्रेलियाई नौसेना की बदलती और विकसित हो रही समुद्री क्षमताओं के साथ-साथ भविष्य में बेड़े में शामिल किए जाने वाले नए प्लेटफॉर्म और प्रणालियों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने भारतीय नौसेना और ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के बीच अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने तथा संयुक्त परिचालन गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के तरीकों पर भी चर्चा की।
सिडनी स्थित नौसैनिक अड्डे एचएमएएस कट्टाबुल पहुंचने पर एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को एचएमएएस कट्टाबुल का परिचयात्मक दौरा कराया गया। इस दौरान उन्हें नौसैनिक अड्डे के बेड़े से जुड़े बुनियादी ढांचे और परिचालन क्षमताओं के बारे में जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ऑस्ट्रेलिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान वह ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ रक्षा नेतृत्व के साथ बातचीत कर रहे हैं। इन बैठकों में भारत और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर विशेष फोकस है।
चर्चाओं के प्रमुख क्षेत्रों में ऑपरेशनल संपर्क, अंतर-संचालन क्षमता, सूचना साझा करना, ट्रेनिंग, पेशेवर आदान-प्रदान और उभरती समुद्री क्षमताएं शामिल हैं। दोनों नौसेनाओं के बीच बढ़ते संपर्क को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित, स्थिर और मजबूत समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के साथ भारत के द्विपक्षीय समुद्री और रक्षा सहयोग को और मजबूत करना है। अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई के बाद न्यूजीलैंड भी जाएंगे। यहां वह रॉयल न्यूजीलैंड नौसेना के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगे।
एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की यह आधिकारिक यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा एवं सुरक्षा संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। जुलाई 2026 में हुए तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन और जून 2026 में आयोजित दूसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों के संवाद के बाद दोनों देशों के बीच सहयोग को नई गति मिली है। यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर रहे हैं।
इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों से भी मुलाकात कर रहे हैं। इन बैठकों में दोनों नौसेनाओं के बीच चल रहे सहयोग की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा शामिल है।
