SGSU Advertisement
Home अपराध ललितपुर में 5 युवकों ने पत्थरों और चाकू से हमला कर युवक...

ललितपुर में 5 युवकों ने पत्थरों और चाकू से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारा

0
4

ललितपुर, 29 सितंबर (आईएएनएस)। ललितपुर जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र चौका बाग में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने सोमवार देर रात पांच युवकों ने मिलकर पत्थरों और चाकुओं से गोदकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने किसी बात पर कुछ युवकों में आपसी में वाद विवाद हो गया। इसके बाद पांचों युवकों ने पहले पत्थरों से भूपेंद्र अहिरवार को मारा उसके बाद चाकू से हमला कर घायल कर दिया। अंग्रेजी शराब की दुकान के अंदर युवक जान बचाने दौड़ा, वहां जाकर भी आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि सोमवार की रात्रि लगभग 9:24 बजे पीआरवी पर अज्ञात व्यक्ति के साथ चौका बाग स्थित शराब की दुकान के सामने मारपीट कर घायल कर देने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही तत्काल पीआरवी द्वारा घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान भूपेंद्र अहिरवार उर्फ छोटू निवासी मसौरा कला के रूप में हुई है। घटनास्थल पर उच्चाधिकारी, थाना पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम मौके पर मौजूद हैं। साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। एक आरोपी पुण्य प्रताप को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में 3 टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। हत्या की असली वजह भी पता लगाई जा रही है।