SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बोंडी हमले के बाद सिडनी में बहुत कुछ बदला, अब सड़कों पर...

बोंडी हमले के बाद सिडनी में बहुत कुछ बदला, अब सड़कों पर दिखेगी नई आर्म्ड फोर्स

0
9

सिडनी, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में बोंडी बीच आतंकी हमले (दिसंबर 2025) के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे। अब इस पर बड़ा फैसला लिया गया है। हमले के बाद गठित की गई रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट के पूरी तरह ऑपरेशनल होने से पहले ही पूरे सिडनी में भारी हथियारों से लैस पुलिस की तैनाती की जाएगी। एनएसडब्ल्यू पुलिस ने इस नई आर्म्ड यूनिट का अनावरण किया है।

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) राज्य की सरकार ने गुरुवार को कहा कि राज्य पुलिस बल की नई ‘आर्म्ड रिस्पॉन्स कमांड’ (एआरसी) के अधिकारी आगामी हफ्तों में सिडनी में गश्त शुरू करेंगे, फिलहाल इस यूनिट की ट्रेनिंग जारी है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दिसंबर में बोंडी बीच पर आतंकी हमला हुआ था। अंधाधुंध गोलीबारी में 15 लोग मारे गए थे। बीच पर यहूदी त्योहार के उपलक्ष्य में लोग जुटे थे। इसके बाद ही एआरसी को एक स्थायी यूनिट के तौर पर बनाया गया था।

एनएसडब्ल्यू के प्रीमियर क्रिस मिन्स, पुलिस और आतंकवाद-रोधी मंत्री यास्मीन कैटली और पुलिस कमिश्नर मैल लैन्यन ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि एआरसी अधिकारी ज्यादा जोखिम वाले इलाकों (धार्मिक स्थलों और बड़े समारोह आयोजन स्थल) पर गश्त करेंगे और किसी भी खतरे का जवाब तुरंत देंगे।

250 अधिकारियों वाली इस यूनिट के पास कॉम्बैट असॉल्ट राइफलें और खास तौर पर तैयार की गई 24 गाड़ियां होंगी, और उन्हें एक स्पेशलाइज्ड ऑपरेशन सेंटर का सहयोग भी मिलेगा।

मिन्स ने कहा, “न्यू साउथ वेल्स के लोगों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसका मतलब है यह पक्का करना कि हमारी पुलिस के पास गंभीर खतरों से निपटने के लिए जरूरी लोग, ट्रेनिंग और उपकरण हों।”

लैन्यन ने कहा कि एआरसी उन लोगों को रोकने का काम करेगी जो नुकसान पहुंचाना, नफरत फैलाना या डर पैदा करना चाहते हैं।

फरवरी में, बोंडी बीच आतंकी हमले के आरोपी नवीद अकरम को सिडनी की अदालत में पहली बार पेश किया गया था। उस पर इस जानलेवा गोलीबारी से जुड़े 59 अपराधों का आरोप लगाया गया था।

अकरम एक सुपरमैक्स जेल से वीडियो लिंक के जरिए पेश हुआ था। 14 दिसंबर, 2025 को हुए हमले के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद से ही उसे इसी जेल में रखा गया है।

इस 24 वर्षीय युवक पर हमले के सिलसिले में 59 अपराधों का आरोप लगाया गया, जिनमें हत्या के 15 मामले और आतंकवादी कृत्य का एक मामला शामिल है। अधिकारियों का आरोप है कि अकरम और उसके पिता साजिद (पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया) ने पूर्वी सिडनी के मशहूर बीच पर एक यहूदी समारोह में राइफल और शॉटगन से गोलीबारी की, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए थे।

दिसंबर 2025 में सार्वजनिक किए गए अदालती दस्तावेजों से पता चला कि पुलिस को ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे पता चलता है कि दोनों ने हमले से पहले एक ग्रामीण इलाके में हथियारों की ट्रेनिंग ली थी।

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, प्रशासनिक सुनवाई के दौरान अकरम ज्यादातर चुप रहा और तभी बोला जब पीठासीन मजिस्ट्रेट ने सीधे उससे कुछ पूछा।