SGSU Advertisement
Home अपराध पुणे: इलेक्ट्रॉनिक और कपड़े की दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,...

पुणे: इलेक्ट्रॉनिक और कपड़े की दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2.93 लाख का सामान बरामद

0
1

पुणे, 11 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के सासवड में इलेक्ट्रॉनिक और कपड़े की दुकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके बाद से पुलिस ने 2,93,500 रुपए का सामान बरामद किया है।

दरअसल, पुणे जिले के सासवड में इलेक्ट्रॉनिक दुकान और कपड़े की दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को सासवड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल यम्नाप्पा गायकवाड़ (26) निवासी लोहगांव, पुणे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से तांबे के तार, विभिन्न कंपनियों के शर्ट, बॉडी स्प्रे और चोरी में इस्तेमाल की गई ऑटो रिक्शा सहित कुल 2,93,500 रुपए का माल जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की रात 11:30 बजे से 8 नवंबर की सुबह 4:30 बजे के बीच सासवड में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास स्थित रुद्र इलेक्ट्रिकल शॉप का शटर खोलकर चोरों ने दुकान में प्रवेश किया। यहां से करीब 65 हजार रुपए कीमत के कॉपर वायर और 5 हजार रुपए नकद चोरी किए गए। इसके अलावा सासवड स्थित आइकॉन लेवल कपड़े की दुकान से करीब 55 हजार रुपए कीमत के विभिन्न कंपनियों के शर्ट चोरी किए गए थे।

इस मामले में सासवड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस निरीक्षक संतोष घोलवे के मार्गदर्शन में अपराध जांच टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और गोपनीय मुखबिरों तथा तकनीकी जांच की मदद से आरोपी का पता लगाया।

पुलिस ने राहुल गायकवाड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की और चोरी का सामान सासवड क्षेत्र के वाघडोंगर में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इससे पहले पुणे शहर के विमानतल, विश्रांतवाड़ी और भोसरी पुलिस थानों में चोरी सहित अन्य मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक शंकर राऊत, पुलिस हवलदार गणेश सोनवणे, दत्तात्रय काले, गोकुल हिप्परकर और पुलिस कर्मचारियों की टीम शामिल रही। मामले की आगे की जांच पुलिस हवलदार गणेश सोनवणे कर रहे हैं।