SGSU Advertisement
Home अपराध गाड़ी को साइड देने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, दो...

गाड़ी को साइड देने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष, दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

0
2

ग्रेटर नोएडा, 17 नवंबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र में गाड़ी को साइड देने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से जान से मारने की नीयत से गोली चलाए जाने का आरोप है, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों से जुड़े आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

अब जेवर पुलिस ने इस मामले में दोनों गुटों के एक-एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया .32 बोर का तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर एक पक्ष के पीड़ित की ओर से थाना जेवर में शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि जेवर क्षेत्र में गाड़ी को साइड देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित और उसके दोस्तों के साथ कहासुनी करने के बाद मारपीट की।

आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग की गई। गोलीबारी और मारपीट की घटना में तथा उसका एक दोस्त घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में जेवर पुलिस ने पहले पक्ष से जुड़े वांछित आरोपी जयन्त शर्मा पुत्र गिरिराज शर्मा निवासी ग्राम बांकापुर, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना जेवर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना में शामिल था और विवाद के बाद हुई मारपीट एवं फायरिंग के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। वहीं, दूसरे पक्ष से जुड़े वांछित आरोपी आकाश पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जेवर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक .32 बोर का तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा उसके पास से .32 बोर के दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आकाश का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना जेवर में वर्ष 2024 के दो मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 में भी उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2023 में थाना हापुड़ देहात में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में दोनों पक्षों के आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।