SGSU Advertisement
Home अपराध बिहार : बेतिया में दिनदहाड़े आभूषण शोरूम में लूट, अपराधियों की तलाश...

बिहार : बेतिया में दिनदहाड़े आभूषण शोरूम में लूट, अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

0
1

पटना, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब छह से आठ हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए।

शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लूटे गए गहनों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, लूट की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में दाखिल हुए और वहां मौजूद कर्मचारियों तथा ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने सभी लोगों से मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद लोगों को एक जगह बैठाकर अपराधियों ने शोरूम में लूटपाट की। करीब 20 मिनट तक वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।

शोरूम में मौजूद महिलाओं और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी अपराधियों के पास हथियार थे। हथियारों के बल पर उन्होंने किसी को विरोध करने का मौका नहीं दिया और सोने, हीरे तथा अन्य कीमती आभूषणों को लूट लिया। अपराधियों के फरार होने के बाद शोरूम में अफरा-तफरी मच गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही बेतिया के एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस शोरूम तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। पुलिस लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का पता लगाने में भी जुटी है। सुप्रिया रोड शहर का व्यस्त और प्रमुख कारोबारी इलाका माना जाता है।

यहां दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट की वारदात से सर्राफा कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत है। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों तक पहुंचने और मामले का खुलासा करने में जुटी है।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम