SGSU Advertisement
Home राजनीति वीरप्पा मोइली के बयान पर भड़के जदयू नेता, श्याम रजक बोले- कांग्रेस...

वीरप्पा मोइली के बयान पर भड़के जदयू नेता, श्याम रजक बोले- कांग्रेस में चमचागिरी की होड़

0
5

पटना, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर बड़ा दावा किया है। मोइली ने दावा किया है कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान कांग्रेस के ही कुछ नेताओं ने पीएम मोदी को जेल जाने से बचाया था। उनके इस बयान के बाद सियासी पारा चढ़ गया है और एनडीए नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने मोइली के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर ऐसा था तो फिर उन्हें बचाया ही क्यों गया? उन्होंने कहा कि यह सब बकवास बातें हैं और कांग्रेस में बयान देने की होड़ लगी हुई है। कांग्रेस के नेता यह दिखाने की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं कि कौन सबसे ज्यादा चमचागिरी कर सकता है।

श्याम रजक ने कहा कि पीएम मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और उन्होंने जनता के जनादेश से जीत हासिल की है। देश की जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी जनता के विश्वास को जीतने के लिए अथक प्रयास किए हैं और विकास तथा राष्ट्र की उन्नति के लिए निरंतर काम किया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और की गई टिप्पणियों का कोई मतलब नहीं है। यह केवल एक स्पर्धा है कि कौन अपनी चमचागिरी के बल पर पार्टी में अपना स्थान पक्का कर ले। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता पार्टी में तो अपना स्थान बना सकते हैं, लेकिन जनता के दिलों में उनके लिए कोई जगह नहीं है।

वहीं, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मोइली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन उनका बयान व्यक्तिगत ईर्ष्या से प्रेरित लगता है।

नीरज कुमार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री से किसी को ईर्ष्या हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत ईर्ष्या के आधार पर राजनीति का एजेंडा तय नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इसी वजह से कांग्रेस आज राजनीतिक दुर्दशा का सामना कर रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस के नेता सकारात्मक राजनीति करने के बजाय व्यक्तिगत आरोपों में उलझे हुए हैं, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ रहा है।