लखनऊ/वाराणसी, 19 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम पर कूट रचित स्ट्रिप में नकली दवाएं बनाकर वाराणसी और बिहार में सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।
एसटीएफ, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के प्रेस नोट संख्या 322 के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक सिंह उर्फ रवि पुत्र बजरंगी सिंह के रूप में हुई है।
अभियुक्त मूलरूप से ग्राम राधा खां, पोस्ट भगवानपुर, जिला कैमूर (बिहार) का निवासी है, जबकि उसका पैतृक निवास पत्ताक न्यू बस्ती, परसोई, अमनपुरा, तहसील दुद्धी, जनपद सोनभद्र है। वर्तमान में वह अम्बे लॉन, कदमेंश्वरपुरम्, कंदवा, थाना चितईपुर, वाराणसी में रह रहा था। उसे 18 नवंबर को करीब रात 8:50 बजे कदमेंश्वरपुरम् कॉलोनी, द लर्निंग प्वाइंट कोचिंग के पास, थाना चितईपुर, वाराणसी से गिरफ्तार किया गया।
इस पूरे मामले का खुलासा अक्टूबर के अंत में हुई छापेमारी से हुआ। 30 अक्टूबर को एफएसडीए टीम ने ग्राम कुरैना, थाना जंसा, वाराणसी स्थित बिना लाइसेंस संचालित एक मेडिकल स्टोर से नकली न्यूरोकाइंड-एलसी सहित भारी मात्रा में औषधियां बरामद की थीं। इसके बाद 2 नवंबर को परमानन्दपुर, थाना रोहनिया स्थित एक आवास से शेल्काल-500, राबेसेक, क्लावम-625, मैकलेव-625, ज़ेरोडोल-एसपी, पैन-40, पैनटॉप-400, न्यूरोकाइंड-एलसी, गुडसेफ-प्लस, सी-एजेड आदि बहुचर्चित ब्रांडों की भारी मात्रा में संदिग्ध नकली औषधियां बरामद की गईं।
इन दवाओं की स्ट्रिप पर गंभीर वर्तनी और मुद्रण त्रुटियां पाई गईं, और निर्माता कंपनी ने अपनी जांच आख्या में बाजार से प्राप्त नमूनों को नकली घोषित किया।
इस संबंध में थाना रोहनिया, जनपद वाराणसी पर मुकदमा अपराध संख्या 0374/2026 धारा 61(2), 111, 318(4), 336(3), 340(2), 276, 277, 278 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना में नकली दवाओं को वाराणसी, आसपास के जनपदों और बिहार में सप्लाई करने वाले गिरोह के सरगना के रूप में अभिषेक सिंह का नाम सामने आया। एफएसडीए ने वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री को ट्रेस करने के लिए एसटीएफ से सहयोग मांगा। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ लाल प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में अभिसूचना संकलन शुरू किया गया।
मुख्य आरक्षी शेर बहादुर, मुख्य आरक्षी अखिलेश और आरक्षी चालक चंदन की टीम जनपद वाराणसी में भ्रमणशील थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त चितईपुर स्थित कदमेंश्वरपुरम् कॉलोनी में मौजूद है। इस सूचना पर एसटीएफ टीम ने एफएसडीए वाराणसी, औषधि निरीक्षक जुनाब अली, औषधि निरीक्षक चंद्रश द्विवेदी एवं स्थानीय पुलिस को साथ लेकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभिषेक सिंह ने बताया कि वह सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। यह व्यक्ति सोलन और बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से कूट रचित स्ट्रिप तैयार करवाकर उनमें मशीन से नकली दवाओं की पैकिंग कराता था। यह माल बसों से कोरियर के माध्यम से वाराणसी के लहुरतारा स्थित कोरियर कार्यालयों पर मंगाया जाता था और उसके साथी सुरेंद्र नाथ मिश्रा के आवास तथा गोडाउन बस अड्डे के एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखा जाता था।
यहीं से नकली दवाएं वाराणसी के मेडिकल स्टोरों पर और बसों के माध्यम से बिहार के मोहनिया, भभुआ, सासाराम आदि स्थानों के मेडिकल स्टोरों पर भेजकर बेची जाती थीं। गिरोह के सदस्य आपस में जंगी ऐप पर फर्जी नामों से बने खातों से बातचीत करते थे और भुगतान नकद व बैंक खातों से होता था।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि साथी के पकड़े जाने के बाद वह बिहार भाग गया था और कुछ दिन फरार रहने के बाद वापस आकर फिर इस अवैध कारोबार में लिप्त हो गया था।
बता दें कि वर्ष 2023 में भी एसटीएफ ने उसके गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की थीं।
इस संबंध में थाना सिरगत, वाराणसी पर मुकदमा अपराध संख्या 61/2023 के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया था, जिसमें अभिषेक सिंह के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त को थाना रोहनिया के मुकदमे में दाखिल किया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों, नकली दवाओं के निर्माण स्थल और धन-प्रवाह के संबंध में विवेचना जारी है। अभिषेक सिंह से पूछताछ एवं सूचना के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश में फैक्ट्री पर छापेमारी की कार्यवाही चल रही है।









