नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एक समय था, जब घर में टीवी होना किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता था। शाम होते ही परिवार के सभी लोग टीवी के सामने बैठ जाते थे। किसी को समाचार देखना होता था, तो किसी को अपना पसंदीदा धारावाहिक। रविवार की सुबह रामायण और महाभारत देखने के लिए तो लोगों में अलग ही उत्साह रहता था। धीरे-धीरे टीवी हमारी जिंदगी का ऐसा हिस्सा बन गया, जिसके बिना घर अधूरा सा लगता था।
हालांकि, समय के साथ टेलीविजन का स्वरूप काफी बदल गया है। ब्लैक एंड व्हाइट स्क्रीन से लेकर स्मार्ट टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म तक का सफर तय करने वाला टेलीविजन आज भी सूचना और मनोरंजन का एक बड़ा माध्यम बना हुआ है। इसी महत्व को समझाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर साल 21 नवंबर को विश्व टेलीविजन दिवस मनाया जाता है।
विश्व टेलीविजन दिवस मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासभा ने साल 1996 में एक प्रस्ताव पारित करके की थी। इसका उद्देश्य टेलीविजन को केवल मनोरंजन के साधन के रूप में नहीं, बल्कि जनमत तैयार करने, लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने और शिक्षा के प्रसार के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में पहचान दिलाना था। टेलीविजन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को जोड़ने और वैश्विक मुद्दों पर समझ विकसित करने में अहम भूमिका निभाता है।
भारत में टेलीविजन का सफर 15 सितंबर 1959 को शुरू हुआ था। उस समय ऑल इंडिया रेडियो की मदद से प्रायोगिक तौर पर टेलीविजन प्रसारण किया गया था। शुरुआत में इसका दायरा काफी सीमित था और कार्यक्रम भी कम प्रसारित होते थे। इसके बाद साल 1965 में नियमित टेलीविजन प्रसारण शुरू हुआ। आगे चलकर दूरदर्शन ने देश के जनसंचार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उस दौर में टीवी पर आने वाले समाचार, शैक्षिक कार्यक्रम और मनोरंजन से जुड़े शो लोगों के लिए नई दुनिया की खिड़की बन गए।
भले ही आज मोबाइल, इंटरनेट और ओटीटी प्लेटफॉर्म का चलन तेजी से बढ़ा है, लेकिन टेलीविजन की लोकप्रियता अब भी बरकरार है। भारत सरकार की ओर से पिछले साल विश्व टेलीविजन दिवस पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश का टेलीविजन नेटवर्क करीब 23 करोड़ घरों और 90 करोड़ दर्शकों तक पहुंचता है। वहीं, मार्च 2025 तक भारत में 918 निजी सैटेलाइट चैनल संचालित हो रहे थे।
पहले टेलीविजन का इस्तेमाल मुख्य रूप से समाचार, धारावाहिक और फिल्मों को देखने के लिए किया जाता था। लेकिन अब स्मार्ट टीवी ने इसका पूरा अनुभव बदल दिया है। आज टीवी पर इंटरनेट ब्राउजिंग, ऑनलाइन वीडियो, म्यूजिक और ओटीटी प्लेटफॉर्म का आनंद लिया जा सकता है। पहले जहां लोग तय समय पर अपने पसंदीदा कार्यक्रम देखते थे, वहीं अब स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की मदद से अपनी सुविधा के अनुसार कंटेंट देख सकते हैं।
टेलीविजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह लोगों को देश-दुनिया की घटनाओं से जोड़ता है। प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य संबंधी अभियानों, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने में इसकी अहम भूमिका रही है।









