SGSU Advertisement
Home राजनीति सीएम रेखा गुप्ता ने 100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली-हापुड़...

सीएम रेखा गुप्ता ने 100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, दिल्ली-हापुड़ अंतरराज्यीय सेवा की शुरुआत की

0
2

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई और दिल्ली-हापुड़ अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन पहलों से सार्वजनिक परिवहन में सुधार होगा, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और शहर के पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।

बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार पिछले 18 महीनों से सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ा रही है। ऐसे समय में जब प्रदूषण एक बड़ी चिंता बन गया है, सरकार निवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।

उन्होंने कहा, “ऐसे समय में जब हर जगह प्रदूषण पर चर्चा हो रही है, दिल्ली सरकार पिछले 18 महीनों से शहर की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ा रही है और लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रही है। आज, हमने दिल्ली के परिवहन नेटवर्क में 100 और बसें शामिल की हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “ये बसें न केवल निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाएंगी, बल्कि उनकी सुरक्षा भी बढ़ाएंगी और शहर के पर्यावरण को भी लाभ पहुंचाएंगी। हम लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिसके लिए हम सब्सिडी दे रहे हैं और पुराने वाहनों को स्क्रैप करने पर प्रोत्साहन (इंसेंटिव) दे रहे हैं। दिल्ली ने 15,000 करोड़ रुपए के बजट के साथ एक बड़ी ईवी नीति लागू की है, जो देश में अपनी तरह की सबसे बड़ी नीति है। हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि सरकारी तंत्र इस नीति को पूरी तरह से लागू करे। वर्तमान में दिल्ली में 7,088 बसें चल रही हैं, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है। इनमें से लगभग 5,400 बसें इलेक्ट्रिक हैं, जो देश के किसी भी राज्य में इलेक्ट्रिक बसों का सबसे बड़ा फ्लीट है।”

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण कम हो रहा है। उन्होंने आगे कहा, “नवंबर के इस महीने में दिल्ली के मौसम और एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में लगातार सुधार हो रहा है। यह पर्यावरण के प्रति अपनी साझा जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए जनता और सरकार के मिलकर काम करने का परिणाम है। सरकार नियमों को लागू करने को लेकर पूरी तरह दृढ़ है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ” हमारा लक्ष्य है कि 2028 के अंत तक दिल्ली में 14,000 बसें दे पाए। वो सभी की सभी इलेक्ट्रिक होंगी। अंतरराज्यीय बसों की बात करें तो आज हमने हापुड़ और दिल्ली के बीच एक ईवी बस सेवा शुरू की है। बहुत से लोग रोजाना दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करते हैं, इसलिए हमारे प्रशासन ने ये सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की है। इसके अलावा, हम जल्द ही दिल्ली को बिहार से जोड़ने वाली बस सेवाएं भी शुरू करेंगे।”

इसके पहले दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने आईएएनएस से ​​बात करते हुए कहा, “हम अपनी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की दिशा में एक और सफल कदम उठा रहे हैं, जिसमें 100 और बसें जल्द ही चालू हो जाएंगी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकार ने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि हम सार्वजनिक परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देंगे। हम ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ तक इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का विस्तार करने के लिए भी काम कर रहे हैं।”

सार्वजनिक परिवहन की स्थिति को लेकर पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए पंकज कुमार सिंह ने कहा, “पिछली सरकार ने कनेक्टिविटी को रोक दिया था, चाहे वह इलेक्ट्रिक वाहनों के जरिए हो या महिलाओं के लिए बसों के जरिए। परिवहन व्यवस्था की हालत बहुत खराब थी। अब, कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए हम दिल्ली और हापुड़ और करनाल और पानीपत के बीच प्रदूषण मुक्त बस सेवाओं की व्यवस्था कर रहे हैं। हमें इसे लेकर अच्छा रिस्पॉन्स भी मिल रहा है।”