SGSU Advertisement
Home राजनीति ’50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए तो राशन क्यों देना पड़...

’50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए तो राशन क्यों देना पड़ रहा है?’, मनोज झा का केंद्र सरकार पर हमला

0
2

पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कॉरपोरेट इंडिया, गरीबी उन्मूलन, बेरोजगारी और आय की असमानता को लेकर प्रधानमंत्री की टिप्पणियों पर सवाल उठाए। इसके साथ ही, जम्मू-कश्मीर में आंतरिक आतंकवाद खत्म होने के गृह मंत्री अमित शाह के दावे, पाकिस्तान-अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत पर राहुल गांधी की टिप्पणी और प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी।

कॉरपोरेट इंडिया को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री को सत्ता में आए 12 साल से अधिक हो चुके हैं। उन्होंने सवाल किया कि देश की चुनौतियों और युवाओं की जरूरतों को समझने में इतना समय क्यों लगा? उन्होंने कहा कि यदि कोई सरकार कॉरपोरेट जगत के धन और सहयोग के सहारे उपलब्धियां हासिल करती है तो उस पर उनका नियंत्रण बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में नीतियाँ और प्राथमिकताएं भी प्रभावित होती हैं।

मनोज झा ने कहा कि उनकी पार्टी बाजार की विरोधी नहीं है, लेकिन बाजार का सामाजिक पक्ष और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी यदि वास्तव में इस सोच में बदलाव का संकेत है तो उसे जमीन पर लागू होते देखना चाहिए। इसे केवल बयान या भाषण तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि नीतियों और कामकाज में भी दिखाई देना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने के दावे पर मनोज झा ने सवाल उठाते हुए इसे बेईमानी बताया। उन्होंने कहा कि यदि इतनी बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं तो फिर उन्हें अनाज देने की जरूरत क्यों पड़ रही है? दोनों बातें एक साथ सही नहीं हो सकतीं। उन्होंने प्रधानमंत्री से दो सवाल पूछे। पहला, आय की असमानता को कम करने के लिए क्या कदम उठाए गए? दूसरा, हर साल दो करोड़ रोजगार देने के वादे के मुकाबले कितने लोगों को नौकरियां मिलीं? मनोज झा ने कहा कि बेरोजगारी और आय की असमानता के मुद्दे पर सरकार का मूल्यांकन उनके अनुसार शून्य है।

एससीओ की बैठक में पाकिस्तान को आमंत्रित किए जाने पर मनोज झा ने कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत तब तक सार्थक नहीं हो सकती, जब तक वह भारत के मूल सवालों पर गंभीर पहल नहीं करता। उन्होंने इसे फिलहाल केवल सुर्खियां बनाने की कोशिश बताया।

पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गलत क्या कहा? उन्होंने ईरान में स्कूल की बच्चियों और स्कूल पर हुई बमबारी का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि भारत की प्रतिक्रिया क्या थी। मनोज झा के मुताबिक, इस मामले में भारत ने अपनी विदेश नीति की नैतिक विरासत को पीछे छोड़ दिया।

जम्मू-कश्मीर में आंतरिक आतंकवाद खत्म होने के अमित शाह के दावे पर मनोज झा ने कहा कि गृह मंत्री कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन उनसे अपेक्षा है कि देश का हर नागरिक उनके कार्यकाल में खुद को सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि गृह मंत्री उसके हैं या नहीं। उन्होंने सरदार पटेल से जुड़ी परंपरा का सम्मान करने की भी बात कही।

प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे और सम्राट सरकार के एक साल पूरे होने के सवाल पर उन्होंने पूछा कि किस सरकार का एक साल पूरा हो रहा है, जबकि राज्य में 20 वर्षों से वही सरकार सत्ता में है। उन्होंने जीविका दीदियों को कार्यक्रम में जुटाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार की जनता जानना चाहती है कि निवेश बढ़ाने, पलायन रोकने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर क्या काम हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री से बिना बड़े काफिले के बिहार की सड़कों पर घूमकर वास्तविक स्थिति जानने की बात कही।

नीतीश सेतु को लेकर तेजस्वी यादव के सवालों पर मनोज झा ने कहा कि इस नाम के जरिए नीतीश कुमार के पूरे राजनीतिक कालखंड को समाप्त दिखाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित व्यक्तियों के नाम पर संस्थानों और स्टेडियमों के नाम रखने की परंपरा प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की है। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु के नाम का निहितार्थ नीतीश कुमार के राजनीतिक अवसान की कथा को पूरा करने जैसा है।