SGSU Advertisement
Home स्वास्थ्य डायबिटीज और आनुवंशिक रोगों पर शोध का वैश्विक केंद्र बन रहा भारत...

डायबिटीज और आनुवंशिक रोगों पर शोध का वैश्विक केंद्र बन रहा भारत : डॉ. जितेंद्र सिंह

0
2

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत डायबिटीज, आनुवंशिक विकारों और अगली पीढ़ी की स्वास्थ्य तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से एक वैश्विक अनुसंधान केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत एक दर्जन से अधिक मधुमेह-संबंधी अनुसंधान परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

बेंगलुरु में आयोजित आरएसएसडीआई 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की विशाल आबादी और व्यापक आनुवंशिक विविधता देश को ऐसे स्वास्थ्य समाधान विकसित करने का अनूठा अवसर प्रदान करती है, जिनका लाभ न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को मिल सकता है।

डॉ. सिंह ने युवाओं में बढ़ते मोटापे और मधुमेह को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि यह केवल चिकित्सा क्षेत्र का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की रोकथाम के लिए समाज, सरकार, शिक्षा जगत और स्वास्थ्य क्षेत्र सहित सभी पक्षों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने विज्ञान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। देश अब बाहरी समाधानों पर निर्भर रहने के बजाय स्वदेशी टीकों, उपचार पद्धतियों, एंटीबायोटिक्स और उन्नत स्वास्थ्य तकनीकों का विकास कर रहा है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने भारत द्वारा विकसित डीएनए आधारित कोविड-19 वैक्सीन, स्वदेशी एंटीबायोटिक्स, आनुवंशिक चिकित्सा अनुसंधान, बायोसिमिलर दवाओं और इंडिया जीनोम स्टडी जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक वैज्ञानिक अनुसंधान में अग्रणी योगदानकर्ताओं में शामिल हो गया है।

उन्होंने कहा कि देश का अनुसंधान तंत्र जटिल स्वास्थ्य चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचार आधारित दृष्टिकोण अपना रहा है और लगातार नई चिकित्सा तकनीकों पर काम कर रहा है।

इस सम्मेलन में देश और विदेश से आए प्रमुख मधुमेह विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और स्वास्थ्य पेशेवरों ने भाग लिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रिसिजन मेडिसिन और आणविक स्तर पर उपचार पर बढ़ता ध्यान टाइप-2 मधुमेह और उससे जुड़े मेटाबॉलिक विकारों को बेहतर तरीके से समझने और रोकने के नए अवसर खोल रहा है। विशेष रूप से युवाओं में बढ़ती मधुमेह की समस्या को देखते हुए यह अनुसंधान और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

उन्होंने सरकारी अनुसंधान संस्थानों, निजी क्षेत्र के शोधकर्ताओं, चिकित्सकों, स्टार्टअप्स और चिकित्सा संगठनों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार की गति और तेज हो सकती है।

डॉ. सिंह ने तापमान-सहिष्णु इंसुलिन विकसित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी इंसुलिन से भंडारण और परिवहन की चुनौतियां कम होंगी, विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में।

उन्होंने आगे यह भी बताया कि कुछ भारतीय स्टार्टअप्स ओरल इंसुलिन यानी मुंह से ली जाने वाली इंसुलिन पर अनुसंधान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारों को आगे बढ़ाने में संस्थागत समर्थन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भारत ने सस्ती मधुमेह उपचार तकनीकों के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। डॉ. सिंह ने बताया कि देश में लिराग्लूटाइड और इंसुलिन लिस्प्रो जैसे स्वदेशी बायोसिमिलर उत्पादों का विकास हुआ है, जिससे सस्ती और प्रभावी मधुमेह चिकित्सा उपलब्ध कराने की क्षमता और मजबूत हुई है।