लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बच्चों की सेहत को लेकर माता-पिता हमेशा चिंतित रहते हैं। खासकर जब छोटे बच्चे को दस्त (डायरिया) होने लगते हैं तो परिवार के लोग तुरंत उसे रोकने के उपाय तलाशने लगते हैं। बार-बार पतला मल आने से बच्चा कमजोर हो सकता है और उसके शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। छोटे बच्चों में यह स्थिति गंभीर भी हो सकती है। ऐसे में सबसे जरूरी है कि बच्चे के शरीर में पानी और पोषक तत्वों की कमी न होने दी जाए। इसी को लेकर आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जरूरी जानकारी साझा की है।
आयुष मंत्रालय के मुताबिक, बच्चे के बीमार होने पर भी उसके पोषण का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अगर बच्चा मां का दूध पीता है तो दस्त होने के दौरान भी स्तनपान बंद नहीं करना चाहिए। मां का दूध बच्चे को पोषण देने के साथ-साथ उसके शरीर को जरूरी तरल पदार्थ भी उपलब्ध कराता है, इसलिए बच्चे को थोड़ी-थोड़ी देर में स्तनपान कराते रहें। इसके अलावा बच्चे को उसकी उम्र के अनुसार हल्का और पौष्टिक भोजन देते रहना चाहिए।
दस्त के दौरान शरीर से पानी बाहर निकल जाते हैं। इससे डिहाइड्रेशन हो सकता है, इसलिए बच्चे को ओआरएस का घोल देना फायदेमंद होता है। इसे सही मात्रा में साफ पानी में मिलाकर दें। इसके अलावा उम्र के अनुसार पर्याप्त तरल पदार्थ और भोजन देते रहें।
अगर बच्चे को बार-बार दस्त हो रहे हैं, पेशाब कम आ रहा है, मुंह सूख रहा है, आंखें धंसी हुई दिख रही हैं या बच्चा असामान्य रूप से सुस्त है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। दस्त में खून आने पर भी बिना देरी किए चिकित्सकीय मदद लेना जरूरी है।
आयुर्वेद में दस्त के लिए अनार के छिलके, बेल, जीरा और सोंठ जैसी चीजों का पारंपरिक रूप से इस्तेमाल बताया गया है। हालांकि, छोटे बच्चों और शिशुओं को ऐसे नुस्खे डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं देने चाहिए। खासकर शहद एक साल से कम उम्र के बच्चों को नहीं देना चाहिए।









