SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के 20 दिन के प्रदर्शन में 543 घायल,...

बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के 20 दिन के प्रदर्शन में 543 घायल, 748 गिरफ्तार: मानवाधिकार संगठन

0
1

पेरिस, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में अधिक वेतन की मांग को लेकर कपड़ा मजदूरों के जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान अब तक 543 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं, जबकि 748 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बांग्लादेशी अधिकारियों की कार्रवाई पर गंभीर चिंता जताई।

फ्रांस स्थित संगठन जस्टिस मेकर्स बांग्लादेश (जेएमबीएफ) ने मजदूरों के 20 दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित बर्बरता, अत्यधिक बल प्रयोग और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा की है। संगठन के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में 13 श्रमिक नेता और आंदोलन के आयोजक तथा अवामी लीग के 170 नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।

जेएमबीएफ ने प्रदर्शन से जुड़े हमलों में घायल होने के बाद दो मजदूरों की मौत पर भी गहरा आक्रोश जताया। संगठन ने सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगे हमलों के आरोपों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

मानवाधिकार संगठन ने कहा कि वेतन विवाद से जुड़े मामलों में बांग्लादेश के आतंकवाद विरोधी कानून (एंटी-टेररिज्म एक्ट) का इस्तेमाल और बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां गंभीर चिंता का विषय हैं। इन घटनाओं की तत्काल समीक्षा होनी चाहिए।

जेएमबीएफ ने बांग्लादेश सरकार से मजदूरों को हिंसा से सुरक्षा देने, शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के उनके अधिकार को सुनिश्चित करने और पुलिस अधिकारियों तथा सत्तारूढ़ पार्टी से जुड़े लोगों के खिलाफ लगे आरोपों की जांच कराने की अपील की।

संगठन के संस्थापक अध्यक्ष शाहनूर इस्लाम ने कहा, ”उचित वेतन की मांग करते हुए दो मजदूरों की जान चली गई। मजदूरों पर हुई बर्बर यातना, हमलों और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों से हम बेहद आक्रोशित हैं। जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनके परिवारों को बताया जाना चाहिए कि उनकी मौत के लिए कौन जिम्मेदार था। चाहे आरोप पुलिस अधिकारियों पर हों या सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर, एक निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय जांच से उनकी भूमिका का पता लगाया जाना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रदर्शन में हिस्सा लेने के कारण गिरफ्तार किए गए मजदूरों और श्रमिक नेताओं को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए। उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं और मजदूरों की जायज मांगों के अनुरूप न्यूनतम वेतन तय किया जाए।

जेएमबीएफ ने वेतन संबंधी विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में 13 श्रमिक नेताओं और आयोजकों की गिरफ्तारी की भी निंदा की। संगठन ने कहा कि मजदूरों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने, वेतन के मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने और ट्रेड यूनियनों के माध्यम से संगठित होने का अधिकार है।

संगठन के मुताबिक, इन अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए मजदूरों और श्रमिक नेताओं को गिरफ्तार करना मनमानी हिरासत और संगठन बनाने की स्वतंत्रता के उल्लंघन से जुड़ी गंभीर चिंताएं पैदा करता है।

जेएमबीएफ ने बांग्लादेशी अधिकारियों से एक निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय जांच आयोग गठित करने की मांग की है। आयोग को दो मजदूरों की मौत, पुलिस की कथित यातना, अत्यधिक बल प्रयोग और बीएनपी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं पर लगे हमलों के आरोपों की जांच करनी चाहिए। साथ ही प्रदर्शन और ट्रेड यूनियन गतिविधियों में शामिल होने के कारण गिरफ्तार किए गए सभी लोगों, विशेषकर श्रमिक नेताओं को तत्काल रिहा करने की अपील की गई है।