SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय वांग यी ने एपेक बैठक की उपलब्धियों की जानकारी दी

वांग यी ने एपेक बैठक की उपलब्धियों की जानकारी दी

0
3

बीजिंग, 20 नवंबर (आईएएनएस)। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी ने शनचन में चीनी और विदेशी पत्रकारों को एपेक नेताओं की 33वीं अनौपचारिक बैठक और इससे जुड़ी गतिविधियों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए।

वांग यी ने कहा कि इस साल चीन एपेक का मेजबान देश है। पूरे साल चीन ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए एपेक की 321 बैठकों और कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। इनमें विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं के 10 हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यह एपेक के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी है। इन बैठकों और कार्यक्रमों से एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को नई गति मिली है। इसके अलावा, अलग-अलग क्षेत्रों की मंत्रिस्तरीय बैठकों में 10 से ज्यादा महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। पूरे साल खुलेपन, नवाचार और सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।

वांग यी ने बताया कि खुलेपन के क्षेत्र में व्यापार मंत्रियों की बैठक के दौरान ‘सूचो घोषणा’ जारी की गई। इसमें क्षेत्रीय आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देने और एशिया-प्रशांत मुक्त व्यापार क्षेत्र के निर्माण की दिशा में प्रयास तेज करने पर सहमति जताई गई। वहीं, नवाचार के क्षेत्र में डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े मंत्रियों की बैठक में ‘छंगतू घोषणा’ जारी हुई। इसमें डिजिटल अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए एशिया-प्रशांत समुदाय के विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसी तरह, मानव संसाधन मंत्रियों की बैठक में ‘नानचिंग घोषणा’ जारी की गई, जिसमें लोगों के कौशल विकास, रोजगार, आजीविका में सुधार और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई। इसके अलावा, 19 नवंबर को आयोजित एपेक सीईओ शिखर सम्मेलन में ‘शनचन पहल’ भी पेश की गई। इसमें एशिया-प्रशांत क्षेत्र के कारोबारी समुदाय से मिलकर एक मजबूत और साझा एशिया-प्रशांत समुदाय के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वांग यी ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं ने वैश्विक शांति, सुरक्षा और स्थिरता से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की। उनके मुताबिक, तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की यह पहली त्रिपक्षीय बैठक थी, जिसका ऐतिहासिक महत्व है। बैठक का माहौल खुला, मैत्रीपूर्ण और रचनात्मक रहा। इस दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनी और एक ‘शांति घोषणा’ जारी की गई। इसका मुख्य उद्देश्य मिलकर विश्व शांति बनाए रखना और प्रमुख शक्तियों के बीच संबंधों में रणनीतिक स्थिरता को बढ़ावा देना है।

वांग यी ने इस मुलाकात को एक अभूतपूर्व ऐतिहासिक बैठक बताया। उन्होंने कहा कि प्रमुख शक्तियों के आपसी संबंधों का असर पूरी दुनिया की स्थिति और वैश्विक रणनीतिक स्थिरता पर पड़ता है। तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की इस पहली आमने-सामने की बैठक ने उनके बीच उच्चस्तरीय संवाद का नया अध्याय खोला है। साथ ही, नए दौर में प्रमुख शक्तियों के बीच बातचीत और सहयोग के लिए एक नई राह भी दिखाई है। इसे अंतरराष्ट्रीय संबंधों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल कहा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह बैठक प्रमुख शक्तियों की जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। आज दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और कई तरह के जोखिम और चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की शांति और स्थिरता की अपेक्षाएं बढ़ रही हैं। साथ ही, प्रमुख शक्तियों के बीच संवाद और तालमेल की जरूरत भी पहले से ज्यादा महसूस की जा रही है। वांग यी के मुताबिक, तीनों नेताओं ने आमने-सामने की बातचीत में अपने-अपने रणनीतिक रुख स्पष्ट किए। उन्होंने टकराव और संघर्ष से बचने तथा शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व बनाए रखने की इच्छा जताई। इसके साथ ही, ऐसे संबंध विकसित करने पर जोर दिया गया, जिनमें समग्र स्थिरता, संतुलित विकास और आपसी लाभ को प्राथमिकता मिले। इससे न केवल तीनों देशों, बल्कि पूरी दुनिया को फायदा हो सकता है।

वांग यी ने इस बैठक को गहन संवाद और रचनात्मक बातचीत का उदाहरण भी बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में जारी ‘शांति घोषणा’ में तीनों पक्षों के बीच बनी सहमति को शामिल किया गया है। वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने और विश्व शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिहाज से यह एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका के साथ मिलकर तीनों नेताओं की बैठक में बनी सहमतियों को पूरी तरह लागू करने की दिशा में काम करेगा। इसके लिए तीनों देशों के संबंधित विभागों के बीच लगातार संवाद और समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि बेहतर दुनिया के निर्माण के साझा लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)