इंफाल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के चंदेल जिले में पिछले तीन दिनों के दौरान जहरीली शराब पीने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें ज्यादातर युवा और अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। वहीं, लगभग 180 अन्य लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने दो निजी अस्पतालों का दौरा किया और उन मरीजों का हाल-चाल जाना, जो जहरीली शराब पीने के बाद बीमार पड़ गए थे।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात नुंगपान गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति ह्रांगबुंग बेरुवंग एनल की अपने घर पर मौत हो गई। इसके बाद, गुरुवार और शुक्रवार को चंदेल जिले के अलग-अलग गांवों में 10 और लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि इन लोगों की मौत अस्पताल ले जाते समय, या स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में हुई।
जहरीली शराब पीने के बाद बीमार पड़े चंदेल जिले के 180 से ज्यादा मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) धर्मेंद्र कुमार ने जिले की उपायुक्त (डीसी) मामोनी डोले को सौंपी गई एक रिपोर्ट में बताया कि पीड़ितों ने जो मिलावटी शराब पी थी, उसे पड़ोसी काकचिंग जिले के सुग्नू से खरीदा गया था।
पहाड़ी इलाके वाले चंदेल जिले की सीमा म्यांमार से लगती है, जहां कोई बाड़ नहीं लगी है।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि चंदेल जिले के चकपिकारोंग सब डिवीजन और आसपास के इलाकों में मिलावटी शराब पीने से हुई मौतों की खबरों को देखते हुए, आम जनता को बहुत अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अधिकारी ने कहा कि मौतों का सटीक कारण अभी तक मेडिकल जांच से स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या निर्माण करने की कोई जानकारी नहीं है।
अधिकारी ने कहा कि इन मौतों से जुड़े हालात को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, “आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाली शराब का सेवन न करें, खासकर प्रभावित इलाकों में।”
बयान में यह भी कहा गया है कि मौतों का सटीक कारण अभी तक चिकित्सकीय और वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट नहीं हो पाया है और मामले की जांच चल रही है।
चंदेल जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर, जन स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सात-सूत्रीय एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में कहा गया है कि अगली सूचना तक स्थानीय स्तर पर बनी शराब या संदिग्ध स्रोतों से मिलने वाली शराब का सेवन न करें, विशेष रूप से प्रभावित इलाकों में।
एडवाइजरी में कहा गया है, “अगर कोई व्यक्ति शराब पीने के बाद उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में कठिनाई या कोई अन्य असामान्य लक्षण महसूस करता है, तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।”
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्वी जिलों के दो अस्पतालों का दौरा किया। उन्होंने मिलावटी शराब पीने के बाद इलाज करा रहे लोगों का हाल-चाल जाना।
दौरे के दौरान, खेमचंद सिंह ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन से बातचीत की और मरीजों को दिए जा रहे इलाज का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार अस्पतालों में इलाज करा रहे लोगों की पूरी मदद करेगी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच कराने का निर्देश दिया। खेमचंद ने यह भी कहा कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









