SGSU Advertisement
Home राजनीति कावेरी डेल्टा क्षेत्र में किसानों की रक्षा करने में टीवीके सरकार विफल...

कावेरी डेल्टा क्षेत्र में किसानों की रक्षा करने में टीवीके सरकार विफल रही: तमिलनाडु के पूर्व मंत्री

0
2

चेन्नई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के पूर्व उद्योग मंत्री टीआरबी राजा ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर कावेरी डेल्टा क्षेत्र के किसानों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। इस क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है, जिसके कारण किसानों को अपनी खड़ी ‘सांबा’ फसलों को बचाने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक कड़े शब्दों वाली पोस्ट में डीएमके नेता ने आरोप लगाया कि कावेरी के पानी में तमिलनाडु का जायजा हिस्सा दिलाने में सरकार की नाकामी ने हजारों किसानों को एक अभूतपूर्व कृषि संकट में धकेल दिया है। राजा ने कहा कि हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि डेल्टा के किसानों को अपनी फसलों को सूखने से बचाने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने इसे उन किसानों के प्रति क्रूरता बताया, जो अपनी आजीविका के लिए कावेरी के पानी से होने वाली सिंचाई पर निर्भर हैं।

पूर्व मंत्री ने कावेरी जल विवाद को लेकर राज्य सरकार के रवैये की आलोचना की। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन की उन दो याचिकाओं को खारिज कर दिया था, जिनमें 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट (टीएमसी) पानी छोड़े जाने की मांग की गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि डेल्टा जिलों में खेती-किसानी के लिए जरूरी पानी हासिल करने के वास्ते, सरकार सुप्रीम कोर्ट के सामने कोई ठोस तर्क पेश करने में विफल रही।

राजा ने आगे कहा कि मेट्टूर जलाशय में पानी का अपर्याप्त भंडारण और मानसून की कम बारिश ने स्थिति को और भी खराब कर दिया है, जिससे किसानों के लिए अपनी ‘सांबा’ (धान की एक किस्म) की खेती को बचाए रखना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन हालात के बावजूद सरकार ने किसान समुदाय के सामने आ रही कठिनाइयों को लेकर कोई खास चिंता नहीं दिखाई है।

राजा ने तत्काल राजनीतिक हस्तक्षेप की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे जल संकट पर चर्चा करने और किसानों की सुरक्षा के लिए उपाय तय करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाएं।

उन्होंने विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की उस मांग को भी दोहराया, जिसमें सूखे के कारण कृषि क्षेत्र को हुए नुकसान का व्यापक आकलन करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की बात कही गई है।

पूर्व मंत्री ने कहा कि स्थिति के और अधिक बिगड़ने से पहले सरकार को तुरंत फसल के नुकसान का आकलन करना चाहिए और राहत कार्य शुरू करने चाहिए।

राजा ने कहा कि जब किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, तो वे अब केवल आश्वासनों और राजनीतिक वादों के सहारे जीवित नहीं रह सकते।

उन्होंने कहा कि किसानों को खोखले वादों की नहीं, बल्कि पानी और आजीविका की सुरक्षा की जरूरत है। साथ ही, उन्होंने टीवीके प्रशासन पर राज्य के कृषि हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।