अहमदाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद सिटी साइबर क्राइम ब्रांच ने मुंबई से अंतर-राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने कंपनी के मालिक बनकर ‘ईमेल स्पूफिंग’ के जरिए 6.55 लाख रुपए का बिजनेस पेमेंट अपने फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिया।
आरोप है कि इन लोगों ने ‘ग्लोबल पैंट्री ग्रोसरी कंपनी’ और ‘माया एग्रोवेट लिमिटेड’ के बीच हो रहे ईमेल कम्युनिकेशन को हैक कर लिया। ‘माया एग्रोवेट लिमिटेड’ के मालिक की ईमेल आईडी बदल दी और ‘यस बैंक’ के लेटरहेड, स्टैम्प और हस्ताक्षर वाला एक फर्जी पत्र भेजा, ताकि 6.55 लाख रुपए से ज्यादा (6,55,111 रुपए) की रकम को एक फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर करवाया जा सके।
शिकायत के मुताबिक, यह धोखाधड़ी 26 अगस्त से पहले की गई थी। आरोपियों ने दोनों कंपनियों में से किसी एक के कंप्यूटर सिस्टम को अनधिकृत रूप से एक्सेस किया और उनके बिजनेस ट्रांजेक्शन से जुड़े ईमेल कम्युनिकेशन में दखल दिया।
उन्होंने ‘माया एग्रोवेट लिमिटेड’ के मालिक की ईमेल आईडी को बदलकर कर दो और ईमेल आईडी भी जोड़ दीं। इसके बाद, आरोपियों ने बदली हुई ईमेल आईडी से एक ईमेल भेजा, जिसमें ‘यस बैंक’ के लेटरहेड पर बना एक फर्जी पत्र शामिल था।
इस दस्तावेज में खाते का नाम ‘माया एग्रोवेट लिमिटेड’ और रजिस्टर्ड अकाउंट का नाम ‘आर के एंटरप्राइजेज’ बताया गया था। साथ ही इस पर बैंक की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर भी थे।
इस वजह से शिकायतकर्ता कंपनी ने 6,55,111 रुपए की वह रकम, जो ‘माया एग्रोवेट लिमिटेड’ को दी जानी थी, उस फर्जी खाते में ट्रांसफर कर दी जिसका जिक्र पत्र में किया गया था। 14 नवंबर को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, 2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस इंस्पेक्टर बीएन पटेल और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल करके आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रवींद्र कुमार कश्यप (42), मोहम्मद रियाज अंसारी (38), कमलेश सिंह (41) और जुल्फिकार अली सिद्दीकी (47) के रूप में हुई है। ये चारों महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा और विरार के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे।
रवींद्र कुमार कश्यप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का रहने वाला है और कमलेश सिंह प्रयागराज जिले का। पुलिस के मुताबिक, कश्यप ने रियाज को सात बैंक खाते उपलब्ध कराए थे, जिनमें धोखाधड़ी से हासिल की गई रकम जमा की जाती थी।
वह पैसे निकालता था और कमीशन के बदले रियाज को सौंप देता था। रियाज ने ये बैंक खाते और निकाली गई नगदी कमलेश को दे दे देता था, जिसके बदले उसे भी कमीशन मिलता था।
कमलेश ने अन्य आरोपियों की मदद से बैंक खाते खोलने के लिए जरूरी दस्तावेजों का इंतजाम किया था। इनमें दुकान से जुड़े कागजात, बैनर, फर्म के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज और स्टैम्प शामिल थे।
उसने भी कमीशन के बदले अपने साथियों को ये बैंक खाते और नगदी उपलब्ध कराई। सिद्दीकी ने एक अन्य आरोपी के कहने पर धोखाधड़ी की रकम को बैंक खातों में जमा कराने में मदद की और इसके बदले कमीशन लिया। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) मामले में जेल जा चुका है।









