SGSU Advertisement
Home अपराध मुंबई पार्क में कपल पर हमला, भाजपा नेता बोले- शहर को ‘मुस्लिम...

मुंबई पार्क में कपल पर हमला, भाजपा नेता बोले- शहर को ‘मुस्लिम शहर’ बनाने की साजिश

0
1

मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक चौंकाने वाली घटना में मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास एक म्युनिसिपल पार्क में आठ नाबालिगों ने एक युवक और युवती पर हमला कर दिया। उस समय वे दोनों तस्वीरें ले रहे थे।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने दावा किया कि मुंबई को एक ‘मुस्लिम शहर’ में बदलने की ‘साजिश’ रची जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई।

घाटकोपर पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर कानून के दायरे में आने वाले इन आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है।

मुंबई पुलिस ने कहा है कि इन नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (किशोर न्याय बोर्ड) के सामने पेश करने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को यहां आईएएनएस से ​​बात करते हुए किरीट सोमैया ने दावा किया कि जिन लड़कों ने जोड़े पर हमला किया, वे मुस्लिम थे।

उन्होंने दावा किया कि मुंबई को एक मुस्लिम शहर में बदलने की साजिश चल रही है।

सोमैया ने यह भी कहा कि कल, 22 साल का एक लड़का और उसकी 21 साल की गर्लफ्रेंड कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पीछे प्रमोद महाजन गार्डन गए थे। वहां 10 मुस्लिम लड़कों ने उन पर डंडों से हमला किया, उन्हें धमकाया और कहा- ‘तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई हमारे इलाके में आने की?’ और ‘तुमने ऐसे कपड़े कैसे पहने हैं?’ उन्होंने उस जोड़े को परेशान भी किया।

उन्होंने आगे कहा कि पुलिस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो लड़के नाबालिग हैं, उनके माता-पिता के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। हम मुंबई में इस्लामिक आतंकवाद को पनपने नहीं देंगे।

इस बीच, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएससी) और मुंबई पुलिस से शहर के सभी गार्डनों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की अपील की है।

पत्रकारों से बात करते हुए साटम ने कहा कि हमने वीडियो देखा है। बीएमसी और मुंबई पुलिस को शहर के सभी गार्डनों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। कई गार्डनों में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से पुख्ता नहीं लगती है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी मांग है कि नगर निगम मुंबई के सभी गार्डनों में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाए, क्योंकि ऐसी घटनाओं को रोकने में ये एक अहम भूमिका निभा सकते हैं।