नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके से अपहरण किए गए आठ महीने के एक बच्चे को दिल्ली पुलिस ने बचा लिया है। बच्चे का अपहरण तस्करी के लिए किया गया था। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्वी जिला पुलिस ने रविवार को एक बयान में कहा कि सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस से जुड़ी गहन जांच के बाद बच्चे को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के टप्पल पुलिस स्टेशन के तहत वाजिदपुर गांव से सुरक्षित बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा जिले के सिकंदरपुर के ट्रक ड्राइवर ऋषिपाल (40), वाजिदपुर गांव के किसान चतरू (50) और उनकी पत्नी कुसमा (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि तीनों में से किसी का भी पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला ई-रिक्शा ड्राइवर लक्ष्मी की शिकायत के बाद सामने आया था। उसने बताया था कि उसके आठ महीने के बेटे को पांडव नगर में केयरटेकर ज्योति की कस्टडी से अपहृत कर लिया गया था, जब वह काम पर गई थी। शिकायत के बाद, मंडावली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया और पुलिस जांच में जुटी।
शुरुआती पूछताछ में केयरटेकर ने बताया कि वह सुबह करीब 11.30 बजे गणेश नगर से कुछ सामान खरीदने गई थी, जहां उसकी मुलाकात एक अनजान आदमी से हुई, जो बाद में बच्चे को ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक आदमी बच्चे को लेकर भागता हुआ दिखा। फुटेज की आगे की जांच और लोकल ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों से पूछताछ से पुलिस को अक्षरधाम की ओर संदिग्ध के मूवमेंट का पता लगाने में मदद मिली। बाद में एक गाड़ी के मूवमेंट की जांच से उसके ड्राइवर ऋषिपाल की पहचान हुई। टेक्निकल सर्विलांस और गोपनीय जानकारी से पता चला कि बच्चे को कथित तौर पर दूर के रिश्तेदार चतरू को सौंप दिया गया था।
पुलिस जांच में आगे पता चला कि चतरू और उसकी पत्नी कुसमा ने कथित तौर पर करीब एक साल पहले तस्करी की योजना बनाई थी। दंपति की पहले तीन बेटियां थीं। बेटे की चाहत में आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
लगातार पूछताछ और लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद, पुलिस टीम ने अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव में बच्चे का पता लगाया और उसे सुरक्षित बचा लिया। घटना के 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे की जांच चल रही है।









