SGSU Advertisement
Home खेल सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में कर्नाटक की जीत के पीछे ‘टीमवर्क’ और...

सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में कर्नाटक की जीत के पीछे ‘टीमवर्क’ और ‘आत्मविश्वास’ की भूमिका अहम: शुभा सतीश

0
3

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। राजेश्वरी गायकवाड़ ने अपने शुरुआती तीन ओवरों में काफी रन दिए थे। इसके बावजूद, सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के फाइनल में कर्नाटक की कप्तान शुभा सतीश ने उन पर भरोसा बनाए रखा। जब रेलवे को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रन चाहिए थे, तब शुभा ने टीम की सबसे अनुभवी गेंदबाज राजेश्वरी गायकवाड़ को गेंद थमाई। कप्तान को विश्वास था कि अनुभवी राजेश्वरी दबाव की इस स्थिति में टीम के लिए मैच बचा सकती हैं।

यह एक ऐसा दांव था जो काम कर गया। आखिरी गेंद पर तनुजा कंवर रन आउट हो गईं और कर्नाटक ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ‘ग्राउंड बी’ पर 11 बार की चैंपियन टीम को तीन रनों से हरा दिया। महिला क्रिकेट में ऐसा पहली बार था, जब कर्नाटक की टीम ने कोई सीनियर खिताब जीता।

हालांकि आखिरी ओवर का वह फैसला उस पूरी मुहिम का बस एक हिस्सा था, जो शुभा के अनुसार, महीनों की तैयारी और टीम के भीतर मौजूद गहरे विश्वास की नींव पर खड़ी थी। इससे पहले कर्नाटक केवल 2018/19 में फाइनल तक पहुंचा था, जहां उसे पंजाब के हाथों चार रनों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, रेलवे ने वर्षों तक इस टूर्नामेंट पर अपना दबदबा बनाए रखा है, जबकि मुंबई दो खिताबों के साथ काफी पीछे दूसरे नंबर पर है।

शुभा ने ‘आईएएनएस’ के साथ एक खास बातचीत में कहा, “निश्चित रूप से यह सभी के लिए, खासकर कर्नाटक की महिला क्रिकेटर्स के लिए एक बहुत ही खास पल है। शांता मैम, कल्पी मैम (वेंकटाचर कल्पना) और उस दौर की खिलाड़ियों से लेकर आज तक, अगर मैं गलत नहीं हूं तो यह पहली सीनियर ट्रॉफी है जो हमें मिली है। इसलिए महिला सीनियर क्रिकेटर्स की सभी पीढ़ियों के लिए यह बहुत खास है।”

इंस्टाग्राम पर कर्नाटक की जीत के जश्न का एक वीडियो सामने आया, जिसमें टीम का हर सदस्य ट्रॉफी को अपने पास ले रहा था। शुभा ने कहा, “जश्न मनाने के तरीके के बारे में कहूं तो टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं। वे जो तय करती हैं, मैं मान लेती हूं क्योंकि मेरे पास कोई और विकल्प भी नहीं होता। जश्न मनाने का काम मैं पूरी तरह से उन्हीं पर छोड़ देती हूं।”

इस बाएं हाथ की बल्लेबाज ने बताया कि खिताब जीतने की नींव प्री-सीजन कैंप में ही रख दी गई थी, जहां उन्होंने अपनी स्किल्स और रणनीतियों पर काम किया। शुभा के अनुसार यह तैयारी तकनीकी के साथ-साथ मानसिक भी थी, जिसमें केएससीए के उपाध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुजीत सोमसुंदर ने भी मदद की।

शुभा ने कहा, “इसकी शुरुआत केएससीए में लगे ट्रेनिंग कैंप से हुई। हर कोई इस टूर्नामेंट के लिए अच्छी तैयारी करने को लेकर बहुत उत्सुक था और हमें पूरा भरोसा था कि हम जीतेंगे। हमने खुद को इसी तरह तैयार किया था। हमने वहां कड़ी मेहनत की, जिसका फायदा पूरे टूर्नामेंट के दौरान मिला। टीम के हर सदस्य ने अपना योगदान दिया – जो हमारी तैयारी के स्तर को दिखाता है। बेशक, स्किल्स के साथ-साथ दबाव को झेलने और मुश्किल स्थितियों से निपटने के लिए मानसिक मजबूती का होना भी जरूरी है।”

शुभा ने कहा, “सुजीत सर के पास खेल के इस पहलू का काफी अनुभव है। उन्होंने हमें तकनीकें सिखाईं कि कैसे दबाव का सामना करें और मानसिक रूप से मुश्किल स्थितियों से बाहर निकलें। वर्कशॉप के दौरान उन्होंने हमारी बहुत मदद की।”

उन्होंने टीम की रणनीतियां तैयार करने का श्रेय हेड कोच एसएन अमीत और असिस्टेंट कोच रक्षिता कृष्णाराव (जो कर्नाटक की पूर्व कप्तान रह चुकी हैं) को भी दिया। शुभा ने कहा, “यह उनके लिए भी एक खास पल था। अमीत सर पिछले साल के वनडे मैचों से ही हमारे साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने इस तैयारी कैंप में बहुत मेहनत की। खिलाड़ियों की खूबियों और कमियों को समझा। हमने रणनीतिक तौर पर कई चीजों पर काफी काम किया। उन्होंने हमें कई रणनीतिक पहलुओं पर मदद की। इसके अलावा, सपोर्ट स्टाफ ने हमें खुलकर खेलने की जो आजादी दी, वही हमारी सफलता की असली वजह रही।”

इस तैयारी से टीम में आत्मविश्वास आया। भारतीय खिलाड़ियों से भरी रेलवे की टीम के खिलाफ भी, शुभा ने बताया कि कर्नाटक की टीम जीत की उम्मीद के साथ फाइनल में उतरी थी। शुभा ने कहा, “एक टीम के तौर पर, हमने खुद को इस तरह तैयार किया था कि हम सभी का बस एक ही लक्ष्य था – चैंपियनशिप जीतना, खासकर यह टूर्नामेंट। हमारी तैयारी बहुत अच्छी थी और हमने हर तरह की स्थिति के लिए खुद को तैयार कर रखा था। हालांकि हमें पता था कि रेलवे की टीम कहीं ज्यादा अनुभवी है, फिर भी हमें पूरा भरोसा था कि हम उन्हें हरा देंगे। फाइनल मैच में टर्निंग प्वाइंट तब आया, जब खेल के दौरान सभी खिलाड़ियों ने अपना छोटा-छोटा योगदान दिया। उस मैच में हर किसी ने योगदान दिया। चाहे बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो या फील्डिंग, हमारे लिए सब कुछ अच्छा रहा और अंत में हमने अपना संयम बनाए रखा।”

शुभा को लगा कि इस शानदार जीत ने एक अहम बात साबित कर दी -टीम वर्क से ही अच्छे नतीजे मिलते हैं। इस टूर्नामेंट से मैंने सीखा है कि टीम वर्क हमेशा जीत दिलाता है और हर छोटे से छोटे योगदान का भी बहुत महत्व होता है। हमारी निरंतरता, टीम पर हमारा भरोसा और एक-दूसरे के प्रति विश्वास – ये कुछ ऐसी अहम बातें हैं जो मैंने इस टूर्नामेंट से सीखी हैं। मैंने यह भी समझा है कि इन सब चीजों से आखिरकार सफलता जरूर मिलती है।”

शुभा, जिन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू में 69 रन बनाए थे और जो ‘इंडिया ए’ टीम का हिस्सा भी हैं, उन्होंने इस साल की महारानी ट्रॉफी में सात मुकाबलों में 362 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी का स्थान हासिल किया।

शुभा ने कहा, “मुझे चीजें बहुत सरल रखना पसंद है। स्थिति के अनुसार खेलना मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जब भी जरूरत पड़ी कि मैं अपना स्ट्राइक रेट बढ़ाऊं, तो मैंने ऐसा किया। जब भी टीम को जरूरत पड़ी कि मैं अंत तक टिककर स्ट्राइक रोटेट करूं तो मैंने वह भी किया। मैंने खुद को पूरी तरह से स्थिति के अनुकूल ढाल लिया और उसी हिसाब से इस टूर्नामेंट में खेलने की कोशिश की। मुझे लगता है कि इसी वजह से इस टूर्नामेंट में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा।”

जीत के जश्न में एक खास मेहमान शामिल थीं – पूर्व कप्तान और भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णमूर्ति, जो फाइनल मैच में कमेंटेटरों में से एक थीं। शुभा ने बताया, “मैंने वेदा की कप्तानी में काफी क्रिकेट खेला है। इसलिए यह पल उनके लिए भी बहुत मायने रखता था, क्योंकि जब वह खेलती थीं, तब हम अक्सर इस ट्रॉफी के बारे में बात किया करती थीं। दुर्भाग्य से, जब वह कप्तान थीं तब हम यह ट्रॉफी नहीं जीत पाए थे। लेकिन इस बार हमारे पास उन्हें भी इस जीत का हिस्सा बनाने का मौका था, ताकि जब हम ट्रॉफी उठाएं, तो वह हमारे साथ मौजूद रहें। यह एक छोटा सा पल था जिसे हमने एक साथ सेलिब्रेट किया, और यह वाकई बहुत खास था।”

ट्रॉफी जीतने की खुशी मनाने के लिए शुभा के पास ज्यादा समय नहीं है। जहां टीम की बाकी खिलाड़ी बेंगलुरु लौट गईं, वहीं शुभा सीधे गुवाहाटी जा रही हैं, जहां मंगलवार से शुरू होने वाली ‘सीनियर विमेंस इंटर-जोनल टी20 ट्रॉफी’ में वह ‘साउथ जोन’ की तरफ से खेलेंगी।

इसके बाद शुभा 19 दिसंबर से वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होने वाले ‘इंडिया ए’ बनाम ‘इंग्लैंड ए’ के मल्टी-डे मैच की तैयारी करेंगी। शुभा ने कहा, “जाहिर है, इससे मुझे काफी आत्मविश्वास मिलता है कि मैं टीम की योजनाओं का हिस्सा हूं। अब मैं मल्टी-डे क्रिकेट खेलूंगी, जिसमें मुझे कई अच्छे मौके मिलेंगे। मेरी कोशिश यही रहेगी कि मैं वहां भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करूं और उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा रहेगा।”