नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सहारनपुर में एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिए जाने के मामले पर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने जमकर भाजपा सरकार पर हमला बोला और ओवैसी की पार्टी को भाजपा की बी-टीम करार दिया।
समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा की सरकार है और अपने लोगों के लिए किसी भी सीमा तक जा सकती है।
कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा, “जब अखिलेश यादव गोरखपुर जाते हैं तो उनके लिए पर्याप्त पुलिस इंतजाम नहीं किए जाते। उस दिन मैं खुद गोरखपुर में था। उनसे मिलने लाखों लोग आए थे, लेकिन सड़कों पर मुझे एक भी पुलिसकर्मी या प्रशासनिक अधिकारी नहीं दिखा। ऐसा लग रहा था कि उस दिन पूरा प्रशासन सो रहा था। वहीं, जब ओवैसी आते हैं तो उन्हें बार-बार सैल्यूट दिया जाता है। ‘सैल्यूट’ एक प्रतीकात्मक सम्मान है और हो सकता है कि भाजपा ने उनका कद बढ़ाने के लिए ऐसा किया हो।”
उन्होंने कहा कि मेरा भारतीय जनता पार्टी से कहना है कि जब कभी विपक्ष के बड़े नेता उत्तर प्रदेश में आएं, उनसे मिलने के लिए लाखों की संख्या में लोग आते हैं। प्रदेश सरकार दिल्ली पुलिस की तरह आंख बंद न करे। जब राहुल गांधी इंडिया गेट पर जाते हैं तो दिल्ली पुलिस गायब रहती है।
ओवैसी और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए अजय राय ने कहा कि सरकार में कोई भागीदार नहीं है, वे विपक्ष की बात कर रहे हैं, भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ बोल रहे हैं और वोट बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से पूछना चाहिए असदुद्दीन ओवैसी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ क्यों दिया गया। इससे साबित होता है कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ओवैसी की पूरी मदद कर रही है। इस पर सरकार को अपना वक्तव्य देना चाहिए और ओवैसी बताएं कि ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ क्यों दिया गया।
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अजय राय के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि बिल्कुल ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ असदुद्दीन ओवैसी के लिए था, क्योंकि जब तक ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी का गठबंधन नहीं होता, तो भारतीय जनता पार्टी सांस भी नहीं ले पा रही थी। सबको पता है कि भाजपा की बी-टीम बनकर चाहे बिहार हो, महाराष्ट्र हो, पश्चिम बंगाल हो या अब यूपी हो, वो (ओवैसी) उनका (भाजपा) का फायदा कराने के लिए पहुंचते हैं। उनको सही मायने से पूरे सम्मान के साथ ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आप आए बहार आई, आप आए सांस में सांस आई।









