SGSU Advertisement
Home खेल बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन...

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन घोषित; जोरजी और नॉर्त्जे की वापसी

0
2

सेंचुरियन, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के दूसरे और आखिरी मुकाबले के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन घोषित कर दी है। सोमवार से सुपरस्पोर्ट पार्क में शुरू होने जा रहे इस मुकाबले में टोनी डी जोरजी और एनरिक नॉर्त्जे की वापसी हो रही है।

डी जोरजी एक साल बाद टेस्ट टीम में लौटे हैं, जो चोटिल कप्तान टेंबा बावुमा की जगह लेंगे। बावुमा काफ (पिंडली) इंजरी के कारण दूसरे मैच से बाहर हैं। सेंचुरियन में होने वाले इस मैच में एडेन मार्करम कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। जोरजी ने अपना पिछला टेस्ट नवंबर 2025 में भारत के खिलाफ खेला था। इसके बाद, पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के दौरान वे चोटिल हो गए थे।

वहीं, एनरिक नॉर्त्जे भी लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे हैं, जो दूसरे टेस्ट में डेन पैटरसन की जगह लेंगे। नॉर्त्जे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से जीती गई सीरीज में दो टेस्ट खेले थे, लेकिन दूसरे मैच के दौरान उन्हें ग्रोइन (जांघ के ऊपरी हिस्से) में चोट लग गई थी। इस वजह से वे तीसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे और बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भी उन्हें नहीं चुना गया। पहले टेस्ट की पहली पारी में पैटरसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए थे, लेकिन अब फिट होकर लौटे नॉर्त्जे के लिए उन्हें अपनी जगह छोड़नी पड़ी है।

शेष प्लेइंग इलेवन वही है, जिसने जोहान्सबर्ग में सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को हराया था। कप्तान मार्करम, मार्केस एकरमैन के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। पहले टेस्ट में शानदार 83 रन बनाने वाले जुबैर हमजा नंबर 3 पर ही बल्लेबाजी करेंगे।

डी जोरजी के बाद नंबर 5 पर मैथ्यू ब्रीत्जके और नंबर 6 पर रयान रिकेल्टन बल्लेबाजी करेंगे। टीम में नंबर 7 और 8 पर दो फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर वियान मुल्डर और मार्को जानसेन शामिल हैं। साइमन हार्मर टीम में एकमात्र स्पेशलिस्ट स्पिनर हैं; जोहान्सबर्ग में दूसरी पारी में छह विकेट लेने के बाद वे लगातार प्रभावित कर रहे हैं।

तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी कगिसो रबाडा और नॉर्त्जे संभालेंगे, जबकि जानसेन और मुल्डर भी तेज गेंदबाजी के अन्य विकल्प होंगे। पहला टेस्ट मैच 9 विकेट से जीतने के बाद फिलहाल साउथ अफ्रीका के पास 1-0 की बढ़त है।

साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम, मार्केस एकरमैन, जुबैर हमजा, टोनी डी जोरजी, मैथ्यू ब्रीत्जके, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, मार्को जानसेन, साइमन हार्मर, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे।