इंदौर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में साइबर ठग ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं और अब तो वे फोन अपडेट के नाम पर भी ठगी करने में सफल हो रहे हैं।इसी तरह का मामला इंदौर में सामने आया है। पुलिस की अपराध शाखा से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर निवासी शिकायतकर्ता सुमित (परिवर्तित नाम) एक नौकरीपेशा है, को अज्ञात साइबर ठग द्वारा मोबाइल फोन अपडेट करने के नाम पर एक फर्जी लिंक भेजी गई थी।
पीड़ित द्वारा उक्त लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर ठगों ने धोखाधड़ीपूर्वक उनके बैंक खाते से 41 हजार की राशि अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली।अपने साथ हुई साइबर ठगी की जानकारी मिलने पर पीड़ित द्वारा तत्काल साइबर शिकायत दर्ज कराई गई। इस शिकायत पर क्राइम ब्रांच इंदौर की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम द्वारा शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ठगी की राशि संदिग्ध बैंक खातों में फ्रीज कराई गई।
इसके बाद पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप न्यायालय के आदेश से पीड़ित को ठगी की संपूर्ण राशि 41 हजार वापस दिलाई गई। इंदौर पुलिस ने आम लोगों को हिदायत दी है कि मोबाइल फोन अपडेट करने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें।अनजान लिंक के माध्यम से मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। मोबाइल फोन का अपडेट केवल मोबाइल सेटिंग्स ऑप्शन के माध्यम से ही करें।
पुलिस ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पीआईएन, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। मोबाइल में संदिग्ध लिंक या फाइल प्राप्त होने पर उसे खोलने से बचें और तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। दरअसल साइबर ठग अलग-अलग तरह से लोगों को ठगने में लगे हैं। वे कभी फोन अपडेट करने का लिंक भेजते हैं, तो कभी बैंक अधिकारी साइबर अधिकारी बनकर उन्हें ठग लेते हैं।
–आईएएनएस
एसएनपी/पीएम









