SGSU Advertisement
Home अपराध जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शोपियां में आतंकवाद से प्राप्त आय के रूप में...

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शोपियां में आतंकवाद से प्राप्त आय के रूप में मोटरसाइकिल जब्त की

0
2

श्रीनगर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत हीरपोरा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, शोपियां पुलिस ने हीरो पैशन मोटरसाइकिल जब्त की है। बाइक का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया गया था और तदनुसार इसे यूएपीए के तहत आतंकवाद से प्राप्त आय के दायरे में लाया गया है।

यह जब्ती यूएपीए की धारा 25(1) के तहत सक्षम प्राधिकारी से पूर्व स्वीकृति प्राप्त करने के बाद की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल को पहले ही पुलिस हिरासत में ले लिया गया था, और बाद में जांच अधिकारी द्वारा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार इसकी औपचारिक जब्ती की गई।

यह कार्रवाई शोपियां पुलिस की आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े ठिकानों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रभावी जांच और कानून प्रवर्तन के माध्यम से आतंकवाद के समर्थन तंत्र को नष्ट करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। मामले की आगे की जांच जारी है।

इससे पहले रविवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की जम्मू जोनल यूनिट ने अपनी दिल्ली जोनल यूनिट के साथ मिलकर दवाओं की तस्करी करने वाले एक अंतर-राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। आरोप है कि यह गिरोह दिल्ली से कश्मीर घाटी में दवाओं की सप्लाई करता था।

एनसीबी ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और फार्मास्युटिकल दवाओं की बोतलें जब्त की गईं।

एनसीबी के अनुसार, कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कोडीन-युक्त कफ सिरप (सीबीसीएस) को वैध फार्मास्युटिकल सप्लाई चेन से डायवर्ट करके अवैध रूप से वितरित करने वाले नेटवर्क का पता लगाना और उसे खत्म करना है।

पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर की तड़के एनसीबी जम्मू की टीम ने उधमपुर जिले के चेनानी में माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका। टीम ने डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक यात्री के पास से लगभग 7 किलो सीबीसीएस बरामद किया। इसके बाद, एनसीबी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

कश्मीर घाटी में आगे की जांच के दौरान, इस खेप को मुख्य रूप से प्राप्त करने वाले संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जो अनंतनाग जिले का रहने वाला है। सप्लाई चेन का पीछा करते हुए एनसीबी जम्मू और दिल्ली जोनल यूनिट की टीमों ने सप्लाई ऑपरेशन से जुड़े लोगों को पकड़ा और 18 नवंबर को सीबीसीएस की 356 बोतलें बरामद कीं।