SGSU Advertisement
Home राजनीति जोड़-तोड़कर परिसीमन विधेयक को पारित कराना चाहती है सरकार : रमाशंकर राजभर

जोड़-तोड़कर परिसीमन विधेयक को पारित कराना चाहती है सरकार : रमाशंकर राजभर

0
1

लखनऊ, 27 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने परिसीमन विधेयक और संसद के विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा अचानक तीन दिन का सत्र बुलाकर जोड़-तोड़ से परिसीमन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह परिसीमन प्रक्रिया में भी हेरफेर करना चाहती है।

लखनऊ में आईएएनएस से बात करते हुए राजभर ने कहा, “सरकार को अभी हाल ही में अपने इस तानाशाही फरमान को लेकर हार का सामना करना पड़ा था और देश में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे थे जिन पर संसद सत्र बुलाया जाना चाहिए था। इसके बावजूद, भाजपा ने अचानक तीन दिन का सत्र बुला लिया है और वह जोड़-तोड़ करके परिसीमन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह परिसीमन प्रक्रिया में भी हेरफेर करना चाहती है।”

संसद के विशेष सत्र पर उन्होंने कहा, “भाजपा का यह तुगलकी फरमान है। इस सदन में भाजपा भारी भूल करने जा रही है। देश के संसदीय क्षेत्र और विधायक क्षेत्र के नक्शे में जो परिवर्तन करने का जो मन बनाया हुआ है, उसके लिए आत्मघाती साबित होगा।”

परिसीमन पर सपा के रुख को लेकर राजभर ने कहा, “शनिवार को सपा की बैठक होने वाली है, उसी के बाद हम तय करेंगे कि आगे का क्या रुख होगा।” उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद ही परिसीमन विधेयक पर अंतिम रणनीति बनाई जाएगी।

धीरेंद्र शास्त्री के यूपी में रामकथा रोकने पर नमाज पर भी पाबंदी लगवाने के सवाल पर सपा सांसद राजभर ने कहा, “वे रामकथा नहीं बल्कि भाजपा की कथा करते हैं। भाजपा की कथा करने वालों का पोल बाबा रामदेव ने खोल दिया है। आज के वैज्ञानिक युग में जो प्रेत उतारे, ऐसी भी बाबा की कथा सुनी जाए, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा को धीरेंद्र शास्त्री को स्वास्थ्य मंत्री बना देना चाहिए।”

सपा के मेनिफेस्टो पर बसपा की प्रतिक्रिया को लेकर सांसद राजभर ने कहा, “मायावती बड़ी नेता हैं, उनकी प्रतिक्रिया के बारे में मैं नहीं कहूंगा। यह सपा का मेनिफेस्टो है और जनता के आर्थिक और बुनियादी विकास का मेनिफेस्टो है। जिसे जनता ने सराहा है।”

आजम खान पर ओवैसी की टिप्पणी को लेकर राजभर ने कहा, “भाजपा की साजिश थी कि ओवैसी सपा के गठबंधन में आ जाए, जिससे भाजपा को यूपी में हिंदू-मुस्लिम करने का अवसर मिल जाए। ओवैसी तेलंगाना की सभी सीटों पर तो चुनाव लड़ नहीं पाते। पहले वह तेलंगाना में मजबूत बनें और फिर यूपी की बात करें।”