नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और अनंतनाग से विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शोक जताया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पोस्ट पर लिखा, ” जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनंतनाग के विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। कांग्रेस के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और लोगों के लिए समर्पित उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनंतनाग के लोकप्रिय विधायक पीरज़ादा मोहम्मद सईद साहब के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, ”जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनंतनाग के विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। पार्टी के प्रति निष्ठा एवं जनसेवा के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।”
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने लिखा, ”जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और अनंतनाग के लोकप्रिय विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद साहब के इंतकाल की खबर बेहद अफसोसनाक है। खुदा उनके परिवार को सब्र अता करे, इस दुख की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है।”
बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीरजादा मोहम्मद सईद का गुरुवार शाम को निधन हो गया। वह 73 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
पीरजादा मोहम्मद सईद अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधायक थे।जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा रहे पीरजादा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में अनंतनाग से जीत हासिल की थी। उन्होंने पीडीपी उम्मीदवार महबूब बेग को 1,600 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। उनका राजनीतिक सफर तीन दशक लंबा रहा। उन्होंने 1987, 2002 और 2008 में विधानसभा में कोकरनाग निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और बाद में जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने।










