भोपाल, 27 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बिजली विभाग की कंपनियां बिजली चोरी रोकने का अभियान चलाए हुए हैं, इसी क्रम में पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली चोरी करने वालों से 70 करोड़ की राशि वसूल की है। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी बताया गया है कि पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बिजली चोरी और अनियमितता रोकने के कदम उठाए गए हैं।
इस वर्ष एक जनवरी से लेकर अब तक 98 हजार से ज्यादा स्थानों पर सघन चैकिंग की गई, 41 हजार से ज्यादा बिजली चोरी, अनियमितताओं के प्रकरण बनाए गए। 93 करोड़ रुपए की बिलिंग की गई, एवं अब तक 70 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि वसूल की गई है।
मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी स्तर पर बिजली चोरी रोकने के लिए सतर्कता संकाय एवं संचारण संधारण टीमों द्वारा इंदौर, उज्जैन क्षेत्र के सभी 15 जिलों में चैकिंग, तकनीकी बिंदुओं द्वारा अनियमितता की रिपोर्ट आने, सिग्नल प्राप्त होने व भौतिक रूप से गड़बड़ी होने पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आगे बताया है कि नियमित कार्र्वाई के साथ ही समय समय पर विशेष जांच दल गठित कर अभियान चलाकर बिजली चोरी, अनियमितता रोकने का कार्य किया जा रहा है। वहीं आमजनों , उपभोक्ताओं से बिजली चोरी नहीं करने एवं सही कनेक्शन लेने, कनेक्शन जिस प्रयोजन के लिए लिया गया हैं उसी प्रयोजन में बिजली उपयोग का करें।
मुख्य सतर्कता अधिकारी एसआर बमनके ने बताया कि कंपनी ने वी-कनेक्ट एप के माध्यम से भी आम लोगों को बिजली चोरी की सूचना देकर ईनाम प्राप्त करने का अवसर दिया है। पिछले पांच माह में अब तक कंपनी को वी कनेक्ट एप पर 520 सूचनाएं प्राप्त हुई है।
वी-कनेक्ट एप पर आई सूचना से अब तक प्रकरण बनाकर करीब 88 लाख रुपए की बिलिंग की गई है। इस एप के माध्यम से बिजली चोरी, अन्य अनियमितता की सूचना सही पाए जाने पर डीबीटी प्रक्रिया से ईनाम भी दिए जा रहे हैं।










