SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय लखनऊ में 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित, दवा कीमतों में पारदर्शिता...

लखनऊ में 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित, दवा कीमतों में पारदर्शिता न बरतने पर कार्रवाई

0
2

लखनऊ, 27 नवंबर (आईएएनएस)। अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त, एफएसडीए डॉ रोशन जैकब के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का अनुपालन न करने पर राजधानी लखनऊ की 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

इस कार्रवाई की जद में जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत 9 अस्पतालों की फार्मेसियां आई हैं। लखनऊ जिले में कुल 13 हॉस्पिटल फार्मेसियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी, जिनमें से 9 के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

औषधि निरीक्षकों की जांच में इन फार्मेसियों में दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य सहित निर्धारित जानकारियों को सार्वजनिक करने संबंधी आदेश का अनुपालन नहीं पाया गया। इसके बाद संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर जवाब और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित प्रक्रिया के बाद भी अनुपालन सुनिश्चित न होने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।

चार अस्पताल फार्मेसियों, मेदांता की आईपी फार्मेसी, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स इंटरनेशनल लाइफसाइंसेज लिमिटेड और रीजेंसी हॉस्पिटल ने आदेश का अनुपालन कर लिया है। इन चारों फार्मेसियों ने औषधियों और मेडिकल डिवाइस की मूल्य सूची वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से प्रदर्शित कर दी है।

एफएसडीए की कार्रवाई के दायरे में आने वाली फार्मेसियों में जावित्री हॉस्पिटल के अंतर्गत संचालित राधा मेडिकल स्टोर, कृष्णा फार्मा और कृष्णा मेडिकल स्टोर (तेलीबाग), टेंडर पाम फार्मेसी, हेल्थप्लस रिसर्च एंड मेडिसेंटर एलएलपी की इकाई (अर्जुनगंज),शांति राज मेडिकल्स, अवध हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर (आलमबाग), ग्लोब मेडिकेयर (निराला नगर), केपीएम मेडिकल डिस्पेंसरी (अमौसी), शेखर हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, शेखर हार्ट लंग सेंटर (इंदिरा नगर), डॉ. केएनएस फार्मेसी (विकास खंड-2, गोमती नगर), तलवार स्किन फार्मेसी (चर्च रोड, इंदिरा नगर) और किड्स क्लिनिक इंडिया लिमिटेड (विराज खंड, गोमती नगर) शामिल हैं।

आयुक्त, एफएसडीए की ओर से 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (डीपीसीओ)-2013 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए दवाओं की कीमतों से संबंधित जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया था। इसके तहत प्रत्येक रिटेलर और डीलर को निर्माता की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची ऐसे प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करनी होगी, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें।

आदेश के मुताबिक, संबंधित हॉस्पिटल फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट तैयार करनी होगी। इस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम और परिसर का पता स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके साथ ही नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा। वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ उसका यूआरएल फार्मेसी के काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा।

मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस व्यवस्था का विशेष महत्व उन अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियों के लिए है, जहां भर्ती मरीजों को दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने के लिए व्यावहारिक रूप से सीमित विकल्प उपलब्ध होते हैं। ऐसे में दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) की जानकारी सार्वजनिक होने से मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य का अंतर समझने में मदद मिलेगी। वे उपलब्ध जानकारी के आधार पर अधिक जागरूकता के साथ निर्णय ले सकेंगे।

एफएसडीए का विशेष निरीक्षण अभियान प्रदेशभर में 4 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत अब तक 68 जनपदों की 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। औषधि निरीक्षकों ने आदेश का अनुपालन न करने वाली फार्मेसियों को सात दिन के भीतर निर्धारित दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित फार्मेसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22(1)(डी) के तहत बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई भी की जा सकती है। एफएसडीए के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दवाओं की कीमतें निर्धारित करना अथवा फार्मेसियों के लाभांश पर कोई सीमा लगाना नहीं है।

यह व्यवस्था स्व-प्रकटीकरण (सेल्फ-डिस्क्लोजर) पर आधारित है, जिसके माध्यम से फार्मेसियों को दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य तथा अन्य जरूरी जानकारियां सार्वजनिक करनी हैं। इसका सीधा लाभ अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को मिलेगा। दवाओं की कीमतों की जानकारी आसानी से उपलब्ध होने से वे खर्च को लेकर अधिक जागरूक निर्णय ले सकेंगे। एफएसडीए की यह कार्रवाई अस्पताल फार्मेसियों में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के साथ मरीजों के हितों की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।