SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए: मुख्यमंत्री योगी

टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए: मुख्यमंत्री योगी

0
3

गोंडा, 27 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे इस टैबलेट से फीड नहीं, बल्कि अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें। यह डिवाइस केवल हाथ की शोभा नहीं बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर के रूप में स्थापित करेगा। युवा उत्तर प्रदेश का पावर हाउस है और इसी की ताकत से प्रदेश बीमारू राज्य से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए और मंच से 20 विद्यार्थियों को डिवाइस सौंपे।

उन्होंने कहा कि यह टैबलेट युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में सामने आया कि इससे तीन करोड़ लोगों को लाभ मिला और वे डिजिटल रूप से सक्षम बने। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कुल 1.49 लाख डिवाइस बांटे जा चुके हैं। 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 53 हजार, 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल में 50 हजार से अधिक और 27 नवंबर को देवीपाटन मंडल में 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए।

सीएम ने कहा कि अपने टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखिए। जब आप चार्ज रहेंगे, तभी आसुरी शक्तियां व नेगेटिव फोर्सेज डिस्चार्ज होंगी। इससे आपका भविष्य सुपरचार्ज होगा और 2047 का विकसित यूपी रिचार्ज होगा। ‘युवा साथी ऐप’ पर 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, सीएम युवा उद्यमी और पीएम मुद्रा योजना की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वायरल कंटेंट सही नहीं होता, इसलिए साझा करने से पहले डिवाइस से उसका फैक्ट चेक जरूर करें। एआई को एम्पावरिंग टूल बनाएं, दिमाग पर हावी न होने दें। रील में 30 सेकंड दें, लेकिन रोज 30 मिनट स्किल को दें, क्योंकि स्किल ही रियल लाइफ बनाएगी। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले सभी युवा ‘युवा साथी ऐप’ से ऑनलाइन मतदाता अवश्य बनें।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेनिफेस्टो के नाम पर मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए समय, समर्पण और विजन चाहिए। 2017 से पहले नकल, भू-खनन, शराब व वन माफिया हावी थे और पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’। विज्ञापन निकलते ही ‘सैफई सिंडिकेट’ वसूली पर निकल पड़ता था। आज ‘नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा’ की स्थिति है। साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक पारदर्शी नौकरियां दी गईं, जो सपा के चार व बसपा के तीन कार्यकालों की भर्तियों से दोगुने से अधिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों की बुद्धि कट्टा और बम से आगे नहीं बढ़ पाई। हमने कट्टा-बम के अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर यूपी में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल व ब्रह्मोस मिसाइल बनवाई। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में एक ब्रह्मोस दागते ही पाकिस्तान बाप-बाप चिल्लाता दिखा। अंधविश्वास के कारण पूर्व मुख्यमंत्री नोएडा नहीं जाते थे, जबकि आज नोएडा-यीडा शीर्ष निवेश गंतव्य हैं और देश के 55 प्रतिशत मोबाइल व 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट यूपी में बन रहे हैं।

उन्‍होंने कहा कि लखनऊ के एचसीएल कैंपस में 2017 में मात्र 100 कर्मी थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। इनमें 60 प्रतिशत बेटियां हैं जो रात दो बजे भी निडर घर लौटती हैं, क्योंकि अपराधियों को जेल, जहन्नुम या ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ का भय है। प्रदेश में स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गए हैं। हर जिले में सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन बन रहे हैं तथा जापान-जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को सरकारी खर्च पर विदेशी भाषा सिखाई जाएगी। 15 अगस्त 2047 को आजादी के शताब्दी महोत्सव में युवा ही विकसित यूपी के वास्तविक सारथी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में गोंडा सबसे गंदा शहर था और बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच आकांक्षी जिलों में पिछड़े थे। डबल इंजन सरकार ने मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए। गोंडा व बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है और पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। थारू म्यूजियम व श्रावस्ती एयरपोर्ट तैयार हैं। बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, 7,000 करोड़ से लखनऊ-बहराइच-रुपईडीहा फोरलेन, गोंडा-लखनऊ फोरलेन, जरवल रोड घाघरा पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती व गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर, रुपईडीहा लैंड पोर्ट व लॉजिस्टिक कॉरिडोर तथा कतर्नियाघाट व चित्तौरा झील के पर्यटन विकास से गोंडा से देवीपाटन की दूरी तीन घंटे से घटकर 45 मिनट रह गई है।

समारोह में लघु फिल्म के जरिए दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण का लक्ष्य दिखाया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पहले विद्यार्थियों को ढिबरी में पढ़ना पड़ता था और नकल माफिया को पैसे देने पड़ते थे, लेकिन सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी डिजिटल इनोवेशन व आईटी में अग्रणी है।

सांसद करण भूषण सिंह ने टैबलेट को ज्ञान की खिड़की बताते हुए कहा कि इन्हीं युवाओं में से भविष्य के प्रशासक, डॉक्टर, वैज्ञानिक और जनप्रतिनिधि निकलेंगे। मुख्यमंत्री ने मंच से गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, कुमारी अर्चिता व सैयद अनस; बहराइच की कुमारी मानवी पांडेय, कुमारी अमिता जायसवाल, कुमारी समा बेगम, कुंज बिहारी व शिवेंद्र प्रताप सिंह; श्रावस्ती की ऋद्धिमा वैश्य, कुमारी साधना मिश्रा, कुमारी जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा व राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की कुमारी अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट व मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को टैबलेट सौंपे।