पटना, 28 नवंबर (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। अब इस पर एनडीए नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव और जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए इसका समर्थन किया है। उनका कहना है कि यह बिल महिलाओं को उनका हक दिलाने और संसद में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लाया जा रहा है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि महिलाओं को आरक्षण देने का मुद्दा लंबे समय से लंबित था। सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए परिसीमन विधेयक लाने का फैसला किया है। सभी को इसका स्वागत और समर्थन करना चाहिए। इस बिल के लागू होने से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा, जिससे वे राजनीति में आगे बढ़ सकेंगी।
राम कृपाल यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को भी परिसीमन बिल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों की संख्या बढ़ने के साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं सहित सभी वर्गों के आरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है। इस बिल को लाने से पहले सभी पक्षों से राय ली गई है। सरकार ने किसी पर इसे थोपा नहीं है बल्कि व्यापक विमर्श के बाद इसे तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत की पार्टियों को इस बिल को लेकर कुछ आपत्तियां थीं, जिन्हें दूर करने का प्रयास किया गया है। सभी को संतुष्ट करने के बाद ही बिल संसद में लाया जा रहा है। जिन दलों को भी आपत्ति थी, चाहे वह डीएमके हो या कोई अन्य दल, सभी से बातचीत कर सहमति बनाने की कोशिश की गई है। ऐसे में बिल का पास होना तय है। कांग्रेस के विरोध करने से इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को शुरू होगा और 3 दिसंबर को इसका समापन होगा। यह सत्र इतिहास रचने वाला होगा। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने महिलाओं से किए गए वादों को लेकर हमेशा झूठे आश्वासन दिए हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को एक तिहाई हिस्सेदारी देने का संकल्प लिया है। अब उस संकल्प को अमलीजामा पहनाने की पूरी तैयारी हो चुकी है।
राजीव रंजन ने कहा कि इंडिया गठबंधन के स्वरूप में लगातार बदलाव हो रहा है। कई पार्टियां गठबंधन से बाहर निकल चुकी हैं। परिसीमन बिल के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की गांठें फिर खुलकर सामने आएंगी। कई महत्वपूर्ण विपक्षी दल महिलाओं के वादे को पूरा करने के लिए एनडीए के साथ सकारात्मक रुख अपनाने पर विचार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एनसीपी के शरद पवार गुट के नेताओं के बयानों से भी ऐसे संकेत मिल रहे हैं। कई अन्य दलों से भी इसी तरह के सकारात्मक संकेत मिले हैं। इसलिए संसद में इस बिल के पारित होने की पूरी संभावना है।











