मुंबई, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार की लगातार चार सप्ताह से जारी तेजी इस सप्ताह थम गई। मुनाफावसूली, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितताओं के कारण प्रमुख सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई।
साप्ताहिक आधार पर निफ्टी में 0.75 प्रतिशत की गिरावट रही, जबकि सप्ताह के अंतिम कारोबारी सत्र में यह 1.07 प्रतिशत टूटकर 25,607 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, सेंसेक्स 989 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 81,592 के स्तर पर बंद हुआ। पूरे सप्ताह में सेंसेक्स में 0.69 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई।
सप्ताह भर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सप्ताह की शुरुआत बिकवाली के साथ हुई, इसके बाद बीच में कुछ रिकवरी आई, लेकिन शुक्रवार की कमजोर कारोबारी धारणा ने अधिकांश बढ़त मिटा दी। यह गिरावट हालिया तेज रैली के बाद आई, जिसने निफ्टी को 26,000 के महत्वपूर्ण प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) स्तर के करीब पहुंचा दिया था।
हाल की तेजी में सबसे बड़ी भूमिका निभाने वाले बैंकिंग शेयरों में इस सप्ताह भारी मुनाफावसूली देखने को मिली। बैंक निफ्टी लगभग 2.47 प्रतिशत गिरकर 63,041 पर बंद हुआ। सोमवार को इसने 65,193 का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था, लेकिन इसके बाद दबाव बढ़ गया। यह पिछले पांच सप्ताह में बैंक निफ्टी की पहली साप्ताहिक गिरावट रही।
सेक्टोरल प्रदर्शन मिश्रित रहा। निफ्टी आईटी सप्ताह का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सूचकांक रहा और इसमें लगभग 4.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं मीडिया इंडेक्स करीब 4.6 प्रतिशत टूट गया।
इसके अलावा, पीएसयू बैंक और मेटल शेयरों पर भी दबाव बना रहा। पीएसयू बैंक सूचकांक में लगभग 4 प्रतिशत और मेटल इंडेक्स में लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर रियल्टी, फार्मा और डिफेंस शेयरों में अपेक्षाकृत मजबूती देखने को मिली, जिससे चुनिंदा खरीदारी का संकेत मिला।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का रुख बाजार के लिए सकारात्मक बना रहा। नवंबर में अब तक एफआईआई ने भारतीय बाजारों में लगभग 1.29 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है। हालांकि इस दौरान घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने करीब 55,455 करोड़ रुपए की शुद्ध बिकवाली की।
वहीं इस दौरान, व्यापक बाजार का प्रदर्शन मुख्य सूचकांकों से थोड़ा अलग रहा। निफ्टी मिडकैप100 में 0.30 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप100 में 0.20 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज की गई।
सप्ताह के अंतिम दिनों में कच्चे तेल और रुपए की चाल नए जोखिम के रूप में उभरकर सामने आई। डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल आपूर्ति संबंधी चिंताओं और भू-राजनीतिक तनाव के कारण 86 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया था, हालांकि बाद में ओपेक+ बैठक से पहले यह लगभग 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 93 प्रति डॉलर के आसपास पहुंच गया, जिससे हालिया मजबूती का कुछ हिस्सा खत्म हो गया।
वहीं, बाजार की नजर अब 4 दिसंबर को होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति बैठक पर टिकी है। निवेशकों के बीच ब्याज दरों में संभावित वृद्धि को लेकर अटकलें हैं, जिससे बाजार में अनिश्चितता बढ़ी हुई है।
विश्लेषकों का मानना है कि यदि आरबीआई सख्त रुख अपनाता है या लंबे समय तक ऊंची ब्याज दरों के संकेत देता है, तो बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट जैसे ब्याज दर-संवेदनशील क्षेत्रों पर दबाव बढ़ सकता है।
तकनीकी दृष्टि से, निफ्टी 50 के लिए 25,800 से 26,000 का स्तर निकटतम प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) क्षेत्र माना जा रहा है, जबकि 25,600 तत्काल समर्थन (सपोर्ट) का काम कर सकता है। वहीं बैंक निफ्टी के लिए 64,000-64,200 महत्वपूर्ण प्रतिरोध क्षेत्र है, जबकि 63,000 का स्तर प्रमुख समर्थन माना जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया गिरावट को अब तक बड़ी कमजोरी के बजाय तेज रैली के बाद आई सामान्य मुनाफावसूली के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेश प्रवाह और आरबीआई की नीति घोषणा पर बाजार की दिशा काफी हद तक निर्भर करेगी।











