नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि फिजी के रक्षा और पूर्व सैनिक मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के लिए भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय क्षमता-निर्माण कार्यक्रम का पहला चरण सुवा में संपन्न हुआ।
रक्षा मंत्रालय के तहत कार्यरत ‘डिफेंस हेडक्वार्टर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ (डीएचटीआई) की ओर से आयोजित ‘ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम इन डिफेंस गवर्नेंस एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन फॉर इमर्जिंग लीडर्स’ का समापन शुक्रवार को सुवा के लामी क्षेत्र में हुआ।
मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस कार्यक्रम में सुशासन, रक्षा खरीद प्रक्रिया, प्रशासन में नैतिकता, प्रतिभा प्रबंधन और क्षमता निर्माण, प्रशासनिक कानून, नागरिक-केंद्रित शासन, रक्षा क्षेत्र में ऑडिट व्यवस्था का आधुनिकीकरण, डिजिटल बदलाव के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), उद्देश्य-आधारित नेतृत्व, रणनीतिक संचार और रक्षा क्षेत्र के नेताओं के लिए भावनात्मक बुद्धिमत्ता जैसे कई अहम विषय शामिल थे।
करीब दो सप्ताह तक चले इस कार्यक्रम के समापन समारोह में फिजी के रक्षा एवं पूर्व सैनिक मामलों के मंत्रालय के कार्यवाहक स्थायी सचिव एलोनी रोकिसी, फिजी में भारतीय उच्चायोग के द्वितीय सचिव (राजनीतिक और चांसरी प्रमुख) रंजीत कुमार, डीएचटीआई के शिक्षक और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए रोकिसी ने डीएचटीआई की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम बेहद प्रभावी रहा और इससे प्रतिभागियों की प्रशासनिक समझ, पारदर्शिता और जवाबदेही, वित्तीय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, व्यवहारिक कौशल, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में सोच और कार्यशैली में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण 2027 की पहली तिमाही में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह चरण भी दो सप्ताह का होगा।
मंत्रालय के मुताबिक, यह कार्यक्रम रक्षा कर्मियों की क्षमता बढ़ाने के लिए डीएचटीआई की प्रतिबद्धता में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ है। इससे पहले इसी महीने, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) ने भी फिजी में तीन विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए थे। इनका उद्देश्य फिजी समेत प्रशांत क्षेत्र के नौ देशों के लगभग 180 सरकारी अधिकारियों की पेशेवर और संस्थागत क्षमताओं को मजबूत बनाना है।
एक महीने की यह पहल दो नवंबर को सुवा में शुरू हुई थी। इसका आयोजन फिजी सरकार के सिविल सर्विस मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है और इसे फिजी स्थित भारतीय उच्चायोग का समर्थन प्राप्त है।











