काबुल, 28 नवंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए धमाके में दस लोगों की मौत हो गई, जबकि 110 से अधिक लोग घायल हो गए। देश के गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विस्फोट दोपहर से पहले असदाबाद शहर के अंदीर सिर इलाके में हुआ। यहां एक स्कूल के पास खनन (माइनिंग) कंपनियों के विस्फोटक सामग्री भंडारण स्थल पर धमाका हुआ था।
मंत्रालय के मुताबिक, यह हादसा संभवतः लापरवाही और पर्याप्त सुरक्षा उपाय न अपनाने की वजह से हुआ। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
पझवोक न्यूज एजेंसी ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि घायल हुए छात्रों में से चार को जलालाबाद प्रांतीय अस्पताल भेजा गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज कुनार प्रांत के अस्पतालों में चल रहा है।
अफगानिस्तान आज भी कई दशकों से चले आ रहे युद्धों की वजह से जमीन में दबे लैंडमाइंस और बिना फटे विस्फोटकों (अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस) की समस्या से जूझ रहा है। ये खतरनाक विस्फोटक अब भी लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।
इसी हफ्ते स्थानीय मीडिया ने बताया था कि 2026 में अब तक अफगानिस्तान में लैंडमाइंस और बिना फटे विस्फोटकों से जुड़े हादसों में 257 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 87 लोग घायल हुए हैं। इन हादसों में सबसे ज्यादा बच्चे प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 189 बच्चों की मौत हुई है और 73 बच्चे घायल हुए हैं।
‘टोलो न्यूज’ ने अनुसार, अफगानिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएनडीएमए) के प्रवक्ता यूसुफ हम्माद ने बताया, “2026 की शुरुआत से अब तक पूरे देश में लैंडमाइन और बिना फटे विस्फोटकों के कारण कुल 344 लोग या तो मारे गए हैं या घायल हुए हैं। इनमें सबसे बड़ी संख्या बच्चों की है।”
हालांकि देशभर में बारूदी सुरंगों को हटाने का काम जारी है, लेकिन इसके बावजूद अफगानिस्तान में 900 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा जमीन अब भी लैंडमाइंस और विस्फोटकों से प्रभावित है। देश के कई प्रांतों के लोगों का कहना है कि ये विस्फोटक आज भी उनकी रोजमर्रा की जिंदगी के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने सरकार और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से प्रभावित इलाकों को जल्द साफ कराने की मांग की है।
कंधार के रहने वाले हारून यूसुफी ने कहा कि बारूदी सुरंगों के लगातार खतरे का लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। इस बीच, एएनडीएमए ने बताया कि अफगानिस्तान के सर-ए-पुल और बामियान प्रांतों को पूरी तरह लैंडमाइंस और बिना फटे विस्फोटकों से मुक्त कर दिया गया है।
जुलाई में संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने बताया था कि अफगानिस्तान में हर महीने करीब 50 लोग युद्ध के दौरान छोड़े गए बिना फटे विस्फोटकों की वजह से मारे जाते हैं या घायल होते हैं। इनमें लगभग 80 प्रतिशत पीड़ित बच्चे होते हैं।











