SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली: एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने नेताजी नगर के वृद्धाश्रम में...

दिल्ली: एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने नेताजी नगर के वृद्धाश्रम में वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया

0
3

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को आगे बढ़ाते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के नेताजी नगर स्थित ‘संध्या वृद्धाश्रम’ के बुजुर्ग निवासियों के साथ मिलकर एक विशेष वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया।

चहल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इसमें बुजुर्गों को प्रकृति की देखभाल करने और हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) को मजबूत बनाने जैसे नेक कामों में शामिल किया गया है।

वृक्षारोपण अभियान के दौरान पीपल, आम, आंवला, चीकू, नींबू, अमरूद, बेलपत्र और अशोक सहित कई तरह के पौधे लगाए गए।

चहल ने यह भी बताया कि एनडीएमसी की योजना भविष्य में हर पौधे पर क्यूआर कोड लगाने की है। इन क्यूआर कोड को स्कैन करके लोग हर पौधे के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिसमें पौधे की प्रजाति, उसे लगाने की तारीख और उसे लगाने वाले व्यक्ति का नाम शामिल होगा।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने कहा कि इससे हर पौधे का डिजिटल रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी और लोग पौधों की देखभाल और सुरक्षा की अधिक जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित होंगे।

इससे पहले 22 नवंबर को चहल ने नई दिल्ली में नजफ खान मकबरे के पास बीके दत्त कॉलोनी में नए विकसित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पार्क का उद्घाटन किया और इसे इलाके के निवासियों को समर्पित किया।

इस मौके पर चहल ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के 50वें रविवार के खास दिन पर इस पार्क का उद्घाटन करना उनके लिए बहुत खुशी की बात है।

उन्होंने बताया कि पहले यह पार्क बहुत खराब हालत में था और इसकी ठीक से देखभाल नहीं हो रही थी।

चहल ने आगे बताया कि एनडीएमसी ने इस पार्क को अपने हाथ में लिया और इसका विकास तथा सौंदर्यीकरण किया।

यहां कई सुधार कार्य किए गए हैं, जिनमें सिविल कार्य, रेलिंग लगाना, बाउंड्री वॉल की मरम्मत, पेंट और सफेदी का काम, पार्क का नया गेट बनाना और बाउंड्री वॉल के किनारे लाल कोटा पत्थर लगाना शामिल है।

इन सुधारों ने पार्क को एक आकर्षक रूप दिया है, जो पास ही स्थित ऐतिहासिक ‘नजफ खान मकबरे’ की वास्तुकला के साथ बखूबी मेल खाता है।

चहल ने बताया कि इस पार्क का विकास एनडीएमसी की एक पहल है, जिसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को बेहतर हरित क्षेत्र उपलब्ध कराना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

पार्क को निवासियों को समर्पित करते हुए उन्होंने उनसे अपील की कि वे इसके रखरखाव और देखभाल में सक्रिय रूप से योगदान दें।

उन्होंने कहा कि एनडीएमसी की यह पहल प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के विजन को साकार करने और नई दिल्ली को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसके बाद, प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एनडीएमसी ने बीके दत्त कॉलोनी में नजफ खान मकबरे के पास अपना 50वां लगातार ‘संडे स्पेशल मेगा प्लांटेशन ड्राइव’ (वृक्षारोपण अभियान) आयोजित किया।

लगातार 50 रविवार तक वृक्षारोपण अभियान चलाना पर्यावरण संरक्षण के प्रति एनडीएमसी, स्थानीय निवासियों और विभिन्न सहयोगी संगठनों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।