SGSU Advertisement
Home राजनीति रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी संजय सिंह का खुलासा, ‘दबाव में काम न करने...

रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी संजय सिंह का खुलासा, ‘दबाव में काम न करने पर 8 साल में 8 जिलों में हुआ तबादला’

0
3

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी संजय सिंह ने अपने पुलिस करियर के दौरान राजनीतिक और दूसरे तरह के दबावों का सामना करने के अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि अपने काम में किसी का दबाव स्वीकार न करने की उन्हें कीमत भी चुकानी पड़ी।

ओडिशा में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर रहते हुए आठ साल के दौरान उनका आठ अलग-अलग जिलों में तबादला हुआ। उन्होंने हमेशा जांच में मिले सबूतों के आधार पर कार्रवाई की और किसी भी मामले में दबाव में आकर फैसला नहीं लिया।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में संजय सिंह ने कहा, ”जब मैं एसपी था, तब भी मुझ पर दबाव बनाने की कोशिश की जाती थी। शुरुआत में मैं घुमा फिराकर मना करने की कोशिश करता था लेकिन अगर दबाव लगातार बना रहता था तो मैं साफ कर देता था कि मैं ऐसा नहीं करूंगा। एक पुलिस अधिकारी के तौर पर मेरा हमेशा यही तरीका रहा है। मैंने जिन भी मामलों की जांच की, उनमें सिर्फ सबूतों के आधार पर कार्रवाई की। मैंने कभी दबाव में आकर कोई फैसला नहीं लिया।”

संजय सिंह ने बताया कि इस तरह अपने फैसलों पर टिके रहने की कीमत भी चुकानी पड़ी। उन्होंने ओडिशा में अपनी पोस्टिंग का जिक्र करते हुए कहा, ”इसकी कीमत चुकानी पड़ती है और मैंने भी चुकाई है। ओडिशा जैसी जगह पर मैंने आठ साल में आठ जिलों में एसपी के तौर पर काम किया। जाहिर है, जब आप दबाव का विरोध करते हैं तो कई बार आपको उस पोस्टिंग से हटा दिया जाता है।”

इंटरव्यू के दौरान उन्होंने साल 2010 के गुजरात मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”2010 के गुजरात मामले में भी मेरा तबादला कोलकाता कर दिया गया था लेकिन कुछ कारणों से तत्कालीन डायरेक्टर ने उस आदेश को वापस ले लिया था।”

संजय सिंह ने अपनी किताब ‘कोड ऑफ ऑनर: नो हाफ मेजर्स इन द इंडियन पुलिस सर्विस’ के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया, ”इस किताब में मैंने उन सभी एजेंसियों का जिक्र किया है, जिनके साथ मैंने काम किया है। वहां मिले अच्छे और बुरे अनुभवों के साथ उन सबक को भी साझा किया है, जो मैंने अपनी सेवा के दौरान सीखे। अगर इस किताब को पढ़कर किसी व्यक्ति को फायदा होता है या कोई संगठन, राज्य पुलिस बल अथवा दूसरी सुरक्षा एजेंसी मेरे काम करने के तरीके से कुछ सीखती है और उसे अपने फैसले लेने में मदद मिलती है, तो यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात होगी।”

संजय सिंह ने साल 2010 में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”उस जांच के दौरान गुजरात के राजनीतिक नेताओं के खिलाफ बिना ठोस सबूतों के व्यापक जांच करने से मैंने इनकार कर दिया था। किसी भी नेता के खिलाफ जांच शुरू करने के लिए विश्वसनीय सबूत होने चाहिए।”