Friday, July 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार के लिए गौरव का पल, नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय...

बिहार के लिए गौरव का पल, नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष: सतीश चंद्र दुबे

0
42

पटना, 20 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन ने मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। उन्हें पीएम मोदी से लेकर भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से शुभकामनाएं दी गई।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि बिहार के लिए इससे बड़ा गर्व का पल और कोई नहीं हो सकता, क्योंकि बिहार के एक बेटे को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। इससे बड़ी गर्व की बात और कुछ नहीं हो सकती।

पीएम मोदी के द्वारा नितिन नबीन को बॉस बताए जाने पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि यह हकीकत है कि कोई सीएम बने या मंत्री बने, पीएम भी संगठन की बदौलत ही बनते हैं। पीएम मोदी ने संगठन में काम किया है, वे इसे भलीभांति जानते हैं। भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें बड़े पद पर रहने के बावजूद अध्यक्ष के लिए एक आम कार्यकर्ता ही रहता है; हम भी एक आम कार्यकर्ता हैं।

नीट छात्रा की हत्या मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि बिहार सरकार सख्त एक्शन लेगी; जिसने गलत किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नितिन नबीन को बधाई देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने एक्स पोस्ट में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर नितिन नबीन को हार्दिक बधाई। बिहार की मिट्टी से निकले इस होनहार बेटे की जमीनी राजनीति से राष्ट्रीय नेतृत्व तक की यात्रा संगठन, अनुशासन और जनसेवा की मिसाल है। पीएम मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के विजन को नई गति देने में आपका नेतृत्व मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

भाजपा के सफर को याद करते हुए उन्होंने लिखा कि राष्ट्रवाद की अटूट भावना, अंत्योदय के संकल्प और हिंदुत्व की सांस्कृतिक चेतना को अपनी वैचारिक पूंजी बनाकर भारतीय जनता पार्टी ने जनसंघ से जनविश्वास तक का प्रेरक सफर तय किया है। यह यात्रा केवल सत्ता की नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान की सतत साधना की कहानी है।