बीजिंग, 21 जनवरी (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर वर्ष 2025 तक औद्योगिक और सूचना प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में देश द्वारा हासिल प्रमुख उपलब्धियों को प्रस्तुत किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि चीन ने अब तक 48 लाख 38 हजार 5जी बेस स्टेशन स्थापित कर लिए हैं, जो देश के सभी कस्बों तथा लगभग 95 प्रतिशत प्रशासनिक गांवों को कवर करते हैं। यह विश्व की सबसे बड़ी और सर्वाधिक उन्नत सूचना अवसंरचना प्रणाली मानी जा रही है। वर्तमान में चीन में 5जी उपयोगकर्ताओं की संख्या 1.2 अरब से अधिक हो चुकी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि वैश्विक स्तर पर 5जी मानक के लिए आवश्यक पेटेंट घोषणाओं में चीन का हिस्सा 42 प्रतिशत है। साथ ही, चीन ने 6जी प्रौद्योगिकी अनुसंधान एवं विकास के पहले चरण के तकनीकी परीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिसके दौरान 300 से अधिक प्रमुख प्रौद्योगिकियों का भंडार तैयार किया गया है। अब 6जी तकनीक के दूसरे चरण का परीक्षण कार्य आरंभ हो गया है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

