किराए पर लगवाने का झांसा देकर गाड़ियां बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, इनोवा, XUV सहित 5 वाहन जब्त

0
12

भोपाल : 02 मई/ नगरीय पुलिस ने किराए पर लगवाने का झांसा देकर गाड़ियां बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर इनोवा, XUV 500, बोलेरो सहित कुल 5 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।

टीकमगढ़, सागर, दमोह से किराए पर लाकर भोपाल में करते थे विक्रय
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी टीकमगढ़, सागर, दमोह जैसे शहरों से वाहन किराए पर लेकर भोपाल लाते थे। इसके बाद वे देहात क्षेत्र के लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी उन्हें सरकारी विभाग में गाड़ी लगवाकर अच्छा किराया देने का झांसा देते थे। वाहन भोपाल लाने के बाद खरीदार को कोई न कोई मजबूरी बताकर सस्ते दामों पर वाहन बेच देते थे।

फरियादी ने ऐसे दर्ज कराई थी एफआईआर
दिनांक 12 अप्रैल 2026 को फरियादी मनोज मिश्रा निवासी टीकमगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी गाड़ी महिंद्रा XUV 500 (रजिस्ट्रेशन नं. MP36 C 2572) एयरपोर्ट पर किराये से चलवाने का झांसा देकर आरोपी आलोक चौबे ने 45,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से किराया अनुबंध बनाकर गाड़ी ली थी। साथ ही गाड़ी लगाने के लिए गारंटी के तौर पर जमानत के 35,000 रुपये भी लिए गए।

आरोपी ने गाड़ी टीकमगढ़ से भोपाल लाकर पहले महीने तो किराया भेजा, लेकिन उसके बाद किराया देना बंद कर दिया। जब फरियादी ने पता किया तो पता चला कि आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी से वह गाड़ी कहीं बेच दी है।

इस रिपोर्ट पर थाना अयोध्यानगर में आरोपी आलोक चौबे एवं अरविंद के खिलाफ अपराध क्र. 164/26 धारा 318(4), 316(2), 3(5) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना शुरू की गई।

आरोपी ने कबूली साथियों के साथ मिलकर की गई धोखाधड़ी
विवेचना के दौरान फरार चल रहे गिरोह के सदस्य आलोक चौबे का पता लगाकर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी आलोक ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों नर्मदा और अरविंद मिश्रा के साथ मिलकर फरियादी मनोज और अन्य व्यक्तियों से उनके वाहन किराए पर लगाने के नाम पर टीकमगढ़ से भोपाल लाकर सस्ते दामों पर बेच दिए।

आरोपी की निशानदेही पर जब्त किए गए ये वाहन
आरोपी आलोक की निशानदेही पर महिंद्रा XUV 500 के अलावा इसी तरह से किराए पर लाकर बेची गई 4 अन्य गाड़ियां भी बरामद कर ली गईं:

महिंद्रा XUV 500 (रजि. क्र. MP36 C 2572)

महिंद्रा बोलेरो (रजि. क्र. MP36 ZJ-3583)

महिंद्रा बोलेरो (रजि. क्र. MP15 CA-9957)

इनोवा कार (रजि. क्र. MPTA-7855)

इनोवा कार (रजि. क्र. MP04 TA-4790)

कुल 5 वाहनों की कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है। प्रकरण में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस को और भी कई वाहन बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
जालसाजों और धोखाधड़ी गिरोह पर सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अवधेश गोस्वामी (भापुसे) द्वारा लगातार निर्देशित किया जा रहा है।

इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस उपायुक्त जोन-02 श्री विवेक सिंह (भापुसे) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त एम.पी.नगर संभाग श्री मनीष भारद्वाज (भापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

गिरफ्तार आरोपी
आलोक चौबे पिता मुन्नालाल चौबे, उम्र 25 साल, निवासी खउमुलया, कोलार रोड, अमरावत कला, भोपाल। शिक्षा: 10वीं, व्यवसाय: प्राइवेट कार्य।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री महेश लिल्हारे, उनि. सुदील देशमुख, उनि. विजय सिंह कर्चुली, सउनि. मनोज कछवाहा, प्रआर 1177 अमित व्यास, प्रआर 3178 बृजेश सिंह, प्रआर 2233 रूपेश सिंह जादौन, प्रआर 3330 अतुल सिंह, प्र.आर.316 भागवत कुशवाहा, आर.3040 अजय कुमार, आर.1055 प्रदीप दामले की सराहनीय भूमिका रही।