SGSU Advertisement
Home अपराध मध्य प्रदेश : दमोह में महिला और तीन बच्चों की हत्या, पति...

मध्य प्रदेश : दमोह में महिला और तीन बच्चों की हत्या, पति पर शक

0
5

दमोह 19 सितंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक महिला और तीन बच्चों की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। हत्या का शक महिला के पति और बच्चों के पिता पर है।

मिली जानकारी के अनुसार हटा विधानसभा क्षेत्र के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार की सुबह दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई। यहां खेमा पटेल नाम की महिला और उसके तीन मासूम बच्चों की धारदार हथियार कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई । घटना के बाद से खेमा पटेल का पति द्वारका पटेल फरार है और इसीलिए आशंका जताई जा रही है कि महिला और तीन बच्चों की हत्या द्वारका ने ही की है।

जानकारी के अनुसार महिला के अलावा जिन तीन बच्चों की हत्या की गई है, उनकी उम्र एक से सात साल है और इनमें से दो लड़के और एक लड़की है। आशंका इस बात की जताई जा रही है कि इस हत्याकांड को उस वक्त अंजाम दिया गया जब चारों सो रहे थे । सभी के शव खून से लथपथ मिले हैं।

कबीरपुर में चार लोगों की हत्याकांड की वारदात सामने आने के बाद गांव वालों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और जांच में जुट गया है। पुलिस मृतकों के परिजनों से पूछताछ करने के साथ महिला के पति द्वारका पटेल की तलाश कर रही है।

सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। गांव के लोग और परिजन यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं की हत्या की वजह आखिर क्या है। आशंका इस बात की जताई जा रही है कि द्वारका ने इस हत्याकांड को चरित्र शक के चलते अंजाम दिया। घटना के बाद से गांव के लोगों ने द्वारका को देखा भी नहीं है और पुलिस द्वारका की आसपास के जंगल में तलाश कर रही है।

–आईएएनएस

एसएनपी/एएस