रांची, 29 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा 1 से 25 दिसंबर तक झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी।
अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर जनसंपर्क, लाभार्थी संवाद, जनसमस्याओं की पहचान और संगठन को मजबूत करने के काम में जुटेंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं पश्चिम बंगाल से सांसद मनोज तिग्गा और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
आदित्य साहू ने कहा कि सेवा दूतों को सेवा भाव, कर्तव्य और परिवार भाव के साथ अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाना है और जनता से आत्मीय संबंध बनाना है। झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों सहित देश के 4,123 विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए हुए कार्यों और सेवा संदेशों को जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करनी है। जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को भी इस कार्य में पर्याप्त समय देना होगा।
उन्होंने कहा कि 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ सभी कार्यकर्ता जुटें। संगठन मंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन के 25 वर्ष जनसेवा के लिए समर्पित किए हैं। उसी भाव के साथ कार्यकर्ता भी 25 दिनों तक सेवा दूत के रूप में योगदान देंगे।
प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त होगा और मंडल अध्यक्ष समन्वयक के रूप में कार्य करेंगे। अभियान के दौरान स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्रकल्प चलाने, बूथों और शक्ति केंद्रों की सक्रियता का आकलन करने तथा योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करने की गतिविधियां होंगी। 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएनसी/एमएस











