SGSU Advertisement
Home अपराध 1.39 करोड़ वसूली केस में नया मोड़, ठाणे कारोबारी पर महिला ने...

1.39 करोड़ वसूली केस में नया मोड़, ठाणे कारोबारी पर महिला ने दर्ज कराईं 3 एफआईआर, दोनों पक्षों पर गंभीर आरोप

0
7

पुणे, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में ठाणे के एक कारोबारी और सोशल मीडिया पर मिलियन में फॉलोअर्स रखने वाली एक महिला इन्फ्लुएंसर के बीच विवाद अब कानूनी लड़ाई में बदल गया है। कारोबारी का आरोप है कि महिला ने उन्हें रेप सहित गंभीर मामलों में फंसाने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1 करोड़ 39 लाख 81 हजार 893 रुपए की वसूली की। इस संबंध में कारोबारी ने ठाणे के कासारवडवली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है।

कारोबारी का दावा है कि उनकी शिकायत के बाद महिला ने भी उनके खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज कराए। महिला ने कारोबारी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, अपनी शादी की बात छिपाने, पीछा करने, अश्लील मैसेज भेजने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायतों पर मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इस पूरे विवाद में एक तरफ कारोबारी करोड़ों रुपए की वसूली और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ महिला ने कारोबारी के खिलाफ यौन शोषण और उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई हैं।

ठाणे के कारोबारी ने ठाणे के कासारवडवली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, जून 2023 में मुंबई के एक होटल में उनकी मुलाकात 35 वर्षीय महिला से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और महिला ने उनसे आर्थिक मदद मांगनी शुरू कर दी।

कारोबारी का आरोप है कि शुरुआत में उन्होंने महिला को ढाई लाख रुपए की आर्थिक मदद दी थी, लेकिन बाद में महिला ने उनके साथ खिंचवाई गई तस्वीरों और निजी बातचीत का इस्तेमाल ब्लैकमेलिंग के लिए करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि महिला उन्हें रेप और अन्य गंभीर मामलों में फंसाने तथा निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती थी। बदनामी और परिवार की प्रतिष्ठा बचाने के डर से वह लगातार महिला की आर्थिक मांगें पूरी करते रहे।

शिकायत में दावा किया गया है कि बैंक ट्रांसफर के जरिए 94.17 लाख रुपए से अधिक की रकम महिला के खाते में भेजी गई। इसके अलावा, महिला के रहने के लिए अंधेरी पश्चिम में फ्लैट किराए पर लेने, सिक्योरिटी डिपॉजिट, किराए, क्रेडिट कार्ड के खर्च और विदेश यात्राओं का भुगतान भी कारोबारी ने किया।

कारोबारी का आरोप है कि महिला ने उनकी पत्नी की कपड़ों की कंपनी में 50 फीसदी हिस्सेदारी और हर महीने 2 लाख रुपए देने की मांग की थी। दबाव में महिला को कंपनी में पार्टनर भी बनाया गया। बाद में कंपनी का सामान और अन्य सामग्री लौटाने के बदले 15 लाख रुपए मांगने का आरोप भी लगाया गया।

शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में 30 लाख रुपए और जनवरी 2026 में भी 30 लाख रुपए दिए गए। इसके अलावा, बेंगलुरु में प्रॉपर्टी, पनवेल में ऑफिस और महंगी कार बुक कराने के नाम पर भी पैसे मांगने का आरोप है।

कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि 18 मई 2026 को महिला ने उनकी पत्नी को वॉट्सऐप कॉल कर दोनों के कथित संबंधों की जानकारी दी और तलाक देने का दबाव बनाया। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने भी उनकी पत्नी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

कारोबारी के मुताबिक, जून 2023 से 1 मई 2026 के बीच उनसे कुल 1,39,81,893 रुपए की वसूली की गई। कासारवडवली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

कारोबारी के खिलाफ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महिला ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई हैं। इनमें शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, पीछा करने, अश्लील मैसेज भेजने और धमकी देने के आरोप हैं।

13 अक्टूबर 2026 को वर्सोवा पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में 35 वर्षीय इन्फ्लुएंसर ने आरोप लगाया कि कारोबारी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का भरोसा दिलाया और शारीरिक संबंध बनाए। महिला के मुताबिक दोनों की मुलाकात जून 2023 में हुई थी और सितंबर 2024 से उनके बीच शारीरिक संबंध शुरू हुए। महिला ने कारोबारी पर पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

2 सितंबर 2026 को दर्ज शिकायत में 34 वर्षीय इन्फ्लुएंसर ने आरोप लगाया कि बिजनेस छोड़ने के बाद भी कारोबारी उन्हें और उनके भाई को अलग-अलग नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट से अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करते रहे। महिला ने बिना अनुमति मोबाइल रिचार्ज कराने और घर पर दो अज्ञात लोगों को भेजने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

25 जून 2026 को दर्ज शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि कारोबारी बिजनेस दोबारा शुरू करने का दबाव बना रहे थे। एक बार वह उनके घर पहुंचे और करीब दो घंटे तक दरवाजा खटखटाते रहे। महिला ने अश्लील मैसेज, धमकी और अंधेरी में दो अज्ञात महिलाओं द्वारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।