बीजिंग, 8 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने गुरुवार को घोषणा की कि शांगहाई, टोक्यो, मॉन्ट्रियल और ऑरलैंडो वर्ष 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए ओलंपिक क्वालिफाइंग सीरीज के मेजबान शहर होंगे।
वर्ष 2024 पेरिस ओलंपिक क्वालिफायर के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब शांगहाई इस महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी करेगा।
लॉस एंजेलिस ओलंपिक क्वालिफाइंग सीरीज के चार चरण होंगे। इनमें से दो चरण एशिया में, यानी टोक्यो और शांगहाई में मई 2028 के दौरान आयोजित किए जाएंगे, जबकि दो चरण उत्तरी अमेरिका के मॉन्ट्रियल और ऑरलैंडो में जून 2028 में होंगे। प्रत्येक चरण में 3×3 बास्केटबॉल, बीच वॉलीबॉल, फ्रीस्टाइल बीएमएक्स, रॉक क्लाइंबिंग, फ्लैग फुटबॉल और स्केटबोर्डिंग जैसे खेल शामिल होने की संभावना है।
आईओसी ने पेरिस ओलंपिक चक्र के दौरान इस क्वालिफाइंग सीरीज की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य ओलंपिक खेलों के सीमित दिनों से आगे बढ़कर पूरे ओलंपिक आंदोलन के उत्साह को बनाए रखना और युवाओं को खेलों से अधिक जोड़ना है। आईओसी की अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री ने कहा कि यह सीरीज लॉस एंजेलिस ओलंपिक की राह में एक रोमांचक वैश्विक प्रतियोगिता साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में प्रशंसक केंद्र में रहेंगे, जहां खेलों के साथ संगीत, संस्कृति और उत्सव जैसा माहौल भी देखने को मिलेगा।
उल्लेखनीय बात यह है कि वर्ष 2024 की क्वालिफाइंग सीरीज के दौरान शांगहाई और बुडापेस्ट ने सफलतापूर्वक मेजबानी की थी। इस बार शांगहाई में प्रतियोगिता शहर के पश्चिमी तट, यानी “शांगहाई वेस्ट बंड” क्षेत्र में आयोजित की जाएगी, जो शहर के विश्वस्तरीय तटीय इलाके का हिस्सा है। शांगहाई नगर खेल ब्यूरो के अनुसार, “युवा, शहर, रचनात्मकता और ऊर्जा” की थीम पर आधारित यह आयोजन युवाओं और शहर के साझा विकास को नई गति देगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

