नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 10वीं डिफेंस पॉलिसी टॉक्स शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण डिफेंस वार्ता के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया ने संयुक्त सैन्य अभ्यासों की बढ़ती संख्या पर बात हुई। साथ ही संयुक्त सैन्य अभ्यासों के जटिल स्वरूप का भी दोनों देशों ने स्वागत किया। दोनों देशों ने समुद्री सहयोग को और गहरा करने की बात कही है।
क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा के लिए साझा प्रतिबद्धता के साथ रणनीतिक संबंध मजबूत करने पर सहमति जताई गई है। वार्ता में सेनाओं के बीच समन्वय और संयुक्त संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए अगले कदमों पर भी चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय साझेदार देशों के साथ सहयोग बढ़ाने पर बात की। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की मुलाकातों में तय हुई साझा महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने हाल के वर्षों में रक्षा सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया।
वर्ष 2025 में वार्षिक भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों का संवाद शुरू किया गया था। इस संवाद को दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास और बेहतर रणनीतिक समन्वय का प्रतीक बताया गया। दोनों देशों ने रक्षा सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यान्वयन समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने और कई नई पहलों की तेज प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया।
साथ ही इस वर्ष पहली बार भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त स्टाफ वार्ता आयोजित करने पर सहमति जताई है। बैठक में वर्ष 2024 के भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन के निर्णयों की समीक्षा भी की गई। दोनों पक्षों ने रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा को और मजबूत बनाने तथा संयुक्त समुद्री सुरक्षा सहयोग रूपरेखा विकसित करने पर जोर दिया है।
बैठक में सैन्य प्रशिक्षण आदान-प्रदान कार्यक्रमों की भी चर्चा हुई। इसमें जनरल बिपिन रावत स्मृति युवा अधिकारी आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा भारतीय सैन्य अकादमी और डनट्रून स्थित रॉयल मिलिट्री कॉलेज के बीच यात्राएं शामिल रहीं। दोनों देशों ने माना कि ऐसे कार्यक्रम आपसी विश्वास बढ़ाने, लोगों के बीच संबंध मजबूत करने और क्षेत्रीय व वैश्विक दृष्टिकोण साझा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद ने किया।
वहीं ऑस्ट्रेलियाई पक्ष का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय नीति के प्रथम सहायक सचिव बर्नार्ड फिलिप ने किया। बैठक में दोनों देशों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है। यहां रक्षा उद्योग सहयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गया। दोनों देशों ने रक्षा उद्योगों के एकीकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों का स्वागत किया है।
इस वार्ता में वर्ष 2025 में सिडनी में आयोजित पहले भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा उद्योग गोलमेज सम्मेलन, ऑस्ट्रेलिया के पहले रक्षा व्यापार मिशन का भारत दौरा तथा वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित रायसीना संवाद के दौरान रक्षा उद्योग रणनीतिक गोलमेज बैठक को महत्वपूर्ण माना गया है।

